भारत ने किया Akash मिसाइल का सफल परीक्षण
https://parstoday.ir/hi/news/india-i132158-भारत_ने_किया_akash_मिसाइल_का_सफल_परीक्षण
भारत ने शुक्रवार को ओडिशा के चांदीपुर तट पर एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) से नयी पीढ़ी की AKASH मिसाइल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया।
(last modified 2024-01-13T03:46:27+00:00 )
Jan १३, २०२४ ०८:२६ Asia/Kolkata
  • भारत ने किया Akash मिसाइल का सफल परीक्षण

भारत ने शुक्रवार को ओडिशा के चांदीपुर तट पर एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) से नयी पीढ़ी की AKASH मिसाइल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया।

भारतीय सूत्रों के अनुसार यह परीक्षण रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा बहुत कम ऊंचाई पर उच्च गति वाले मानवरहित हवाई लक्ष्य को निशाना बनाकर किया गया। भारतीय अधिकारियों ने बताया है कि परीक्षण के दौरान अस्त्र प्रणाली ने लक्ष्य को सफलतापूर्वक रोककर नष्ट कर दिया।

अधिकारियों ने कहा कि स्वदेशी रूप से विकसित रेडियो फ्रीक्वेंसी सीकर, लॉन्चर, बहु कार्य रडार और कमान, नियंत्रण एवं संचार प्रणाली के साथ मिसाइल से युक्त संपूर्ण अस्त्र प्रणाली का कामकाज सटीक साबित हुआ।

प्रणाली का प्रदर्शन आईटीआर, चांदीपुर द्वारा स्थापित कई रडार, टेलीमेट्री और इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल ट्रैकिंग सिस्टम द्वारा प्राप्त डेटा के अनुसार भी सटीक माना गया। परीक्षण को डीआरडीओ, भारतीय वायुसेना (आईएएफ), भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (बीडीएल) और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के वरिष्ठ अधिकारियों ने देखा।

आकाश-एनजी प्रणाली एक अत्याधुनिक मिसाइल प्रणाली है जो त्वरित गति से आने वाले हवाई लक्ष्यों को रोकने में सक्षम है। इस सफल उड़ान परीक्षण ने अब अस्त्र प्रणाली के उपयोग के लिए परीक्षणों का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। MM

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें।