राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा-2 का आग़ाज़
भारत में कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरूआत कर दी है।
राहुल गांधी ने पूर्वोत्तरी राज्य मणिपुर से मुंबई तक 6700 किलोमीटर की यात्रा शुरू की है जो बस से और पैदल पूरी की जाएगी और इसमें 66 दिन लगेंगे।
यह यात्रा देश के 15 राज्यों के 100 लोकसभा संसदीय क्षेत्रों और 337 विधानसभा क्षेत्रों से गुज़रेगी।
इससे पहले राहुल गांधी ने सितंबर 2022 से लेकर जनवरी 2023 तक कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक 'भारत जोड़ो यात्रा' की थी जो बहुत सफल क़रारा दी गई थी।
मणिपुर की राजधानी इंफाल के निकट थौबल में वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं की मौजूदगी में एक बड़ी रैली के सामने बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मणिपुर जिस दर्द से गुज़रा है, हम उस दर्द को समझते हैं, हम वादा करते हैं कि उस शांति, प्यार, एकता को वापस लाएंगे, जिसके लिए ये राज्य हमेशा जाना जाता है।
राहुल गांधी मणिपुर के सांप्रदायिक और जातीय दंगों का मुद्दा पुरज़ोर तरीक़े उठाते रहे हैं। उन्होंने कई बार इस विषय में केन्द्र सरकार को घेरने की कोशिश की।
मणिपुर पिछले आठ महीने से ज़्यादा वक़्त से मैतेई और कुकी समुदाय के बीच हिंसा की चपेट में है जिसके चलते हिंसा में 200 से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं।
कांग्रेस मणिपुर के हालात के लिए भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी को ज़िम्मेदार ठहराती रही है।
राहुल गांधी को सुनने पहुँचीं कांग्रेस कार्यकर्ता मैबाम शारदा लेइमा ने कहा कि हमारा मणिपुर जल रहा है, हमें उम्मीद है राहुल गांधी हमारी समस्याओं को जानेंगे, देखेंगे और उसके बारे में बात करेंगे।
विपक्ष आरोप लगा रहा है कि कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के राज में भारत कमज़ोर हुआ, लोकतांत्रिक अधिकारों, सरकारी संस्थानों का नाश हुआ है, समाज में अल्पसंख्यकों और कमज़ोर वर्ग के खिलाफ़ नफ़रत और हिंसा बढ़ी है. आलोचकों का कहना है कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ़ केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग हुआ है और संविधान ख़तरे में है.
भाजपा और सरकार का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में भारतीय विकास ने दुनिया में अपना सिक्का जमाया है और करोड़ों लोगों के जीवन में असल सुधार पहुँचा है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए