भारत, केन्द्रीय मंत्रीमंडल में भारी परिवर्तन के इशारे
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कैबिनेट में विस्तार का फ़ैसला किया है।
संभवतः मंगलवार को होने वाला यह परिवर्तन 2017 के विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत किया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि नये मंत्री 5 जुलाई को 11 बजे राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण करेंगे। सरकार से निकट सूत्रों का कहना है कि इस परिवर्तन में कुछ मंत्रियो के पद बढ़ाए जा सकते हैं। निकटवर्ती सूत्रों का कहना है कि इस विस्तार में एनडीए की सहयोगी पार्टी शिवसेना, आरपीआई और अपना दल के सदस्यों को भी शामिल किया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नौ सांसदों के नाम लगभग तय हो चुके हैं। उत्तर प्रदेश से जिन लोगों को मंत्रीमंडल में शमिल किया जाना है उनमें गोरखपुर के सांसद योगी आदित्यनाथ, सहारनपुर से सांसद राघव लखनपाल, बीजेपी की यहयोगी पार्टी अपना दल की अनुप्रिया पटेल शामिल है। इसके अतिरिक्त बीजेपी सांसद महेंद्र नाथ पांडे और राज्यसभा सदस्य शिव प्रताप शुक्ला को भी शामिल किए जाने की चर्चा है।
इनके अलावा उत्तराखंड के अजय टम्टा, राजस्थान से अर्जुन राम मेघवाल और पीपी चौधरी, दार्जीलिंग से भाजपा सांसद एसएस अहलुवालिया, महाराष्ट्र से राजग के सहयोगी दल रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के रामदास अठावले, पुरुषोत्तम रूपाला और पूर्वोत्तर के कोटे से रमन डेका को मंत्री बनाया जा सकता है।
इस समय मंत्रीपरिषद में प्रधानमंत्री को मिला कर कुल 64 मंत्री हैं जिनमें 27 कैबिनेट,12 स्वतंत्र प्रभार वाले राज्यमंत्री और 25 राज्य मंत्री हैं। सूत्रों के अनुसार कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल भी किया जा सकता है हालांकि वित्त, विदेश, रक्षा और गृह मंत्रालय में कोई फेरबदल होने की संभावना नहीं है। (AK)