कश्मीर के भविष्य पर फैसला, भारतीय विदेशमंत्री नहीं, कश्मीरी करेंगे, सरताज अज़ीज़
https://parstoday.ir/hi/news/india-i18655-कश्मीर_के_भविष्य_पर_फैसला_भारतीय_विदेशमंत्री_नहीं_कश्मीरी_करेंगे_सरताज_अज़ीज़
भारत प्रशासित कश्मीर में जारी संकट के मध्य भारत और पाकिस्तान के नेताओं की बयानबाज़ी का सिलसिला भी जारी है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul २४, २०१६ २१:५७ Asia/Kolkata
  • कश्मीर के भविष्य पर फैसला, भारतीय विदेशमंत्री नहीं, कश्मीरी करेंगे, सरताज अज़ीज़

भारत प्रशासित कश्मीर में जारी संकट के मध्य भारत और पाकिस्तान के नेताओं की बयानबाज़ी का सिलसिला भी जारी है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ के बयान के बाद भारत की विदेशमंत्री सुषमा स्वराज ने उन्हें उत्तर दिया और अब उनकी बात का जवाब देते हुए सरताज अज़ीज़ ने कहा है कि कश्मीर के भविष्य का फैसला करने का अधिकार भारतीय विदेश मंत्री के पास नहीं बल्कि कश्मीरी जनता के पास है।

इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने पाकिस्तान के प्रशासित कश्मीर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि उन्हें उस समय का इंतजार है जब कश्मीर पाकिस्तान का हिस्सा बनेगा। नवाज शरीफ के बयान पर भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शनिवार को एक प्रेस कान्फ्रेंस में कहा थ कि पाकिस्तान का कश्मीर को अपना हिस्सा बनाने का सपना कभी पूरा नहीं होगा।

भारतीय विदेशमंत्री सुषमा स्वराज के बयान पर प्रतिक्रिया प्रकट करते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के सलाहकार सरताज अज़ीज़ ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद ने कश्मीरियों को अपने भविष्य का फैसला करने का अधिकार देने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि भारत कश्मीर में जनमत संग्रह की अनुमति दे। उनका कहना था कि जब कश्मीरी जनता पाकिस्तान या भारत के साथ रहने का फैसला करेगी तो पूरी दुनिया इसे स्वीकार करेगी।

उन्होंने कहा कि भारत के अंदर भी कश्मीरियों पर अत्याचार के खिलाफ आवाज उठने लगी हैं। उन्होंने कश्मीरी जनता को यह विश्वास दिलाया कि पाकिस्तान की सरकार और जनता , संयुक्त राष्ट्र संघ में पारित किये गये प्रस्तावों के अनुसार कश्मीरियों के आत्मनिर्णय के अधिकार, उनकी स्वतंत्रता और स्वायत्तता का राजनीतिक, कूटनीतिक और नैतिक समर्थन जारी रखेगी। (Q.A.)