सीमाओं पर शांति बनाए रखने के प्रति कटिब्द्ध हुए भारत-पाकिस्तान
भारत और पाकिस्तान ने सीमाओं पर शांति बनाए रखने पर सहमति की है।
भारतीय सीमा सुरक्षा बल बीएसएफ और पाकिस्तान रेंजर्स के बीच लाहौर में तीन दिवसीय बैठक हुई। इस बैठक में सहमति बनी कि दोनो देशों की सीमाओं पर जो मुश्किलें आती हैं उनको परस्पर संवाद और आपसी विचार विमर्श से हल किया जाए।
लाहौर में होने वाली बैठक के समापन पर भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा कि बीएसएफ के महानिदेशक ने आतंकवादी घुसपैठ और तस्करी को रोकने के लिए सीमा के दोनों ओर चौकसी बरतने की जरुरत पर जोर दिया। दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी सीमाओं पर गश्ती में सहयोग बढ़ाने और समयबद्ध तरीके से एक-दूसरे की समस्याओं को हल करने के तरीकों पर चर्चा की।
बीएसएफ प्रतिनिधिमंडल की अगुआई बीएसएफ के महानिदेशक के. के. शर्मा ने की जबकि पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल की अगुआई पाकिस्तान रेंजर्स पंजाब के महानिदेशक मेजर जनरल उमर फारूक़ बर्की ने की।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा कि यह द्विपक्षीय बैठक, मैत्री और सहयोगात्मक वातावरण में हुई। दोनों पक्ष इस बात पर सहमत थे कि सितंबर 2015 में दिल्ली में आयोजित ऐसी बैठक के बाद से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम का ज्यादा पालन हुआ है।
उन्होंने बताया कि बीएसएफ के महानिदेशक ने पाकिस्तान रेंजर्स, पंजाब के महानिदेशक को अगले दौर की द्विपक्षीय वार्ता के लिए भारत आने का न्योता दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।