असम में आतंकी हमला 14 हताहत
भारत के असम राज्य में आतंकी हमले में कम से कम 14 लोगों के मारे जाने और 18 लोगों के घायल होने की सूचना है।
असम के कोकराझार में एक आतंकी ने बाज़ार में ग्रेनेड फेंका और फिर अंधाधुंध गोलीबारी भी की। शुक्रवार को हुए इस अचानक हमले में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई जबकि 18 अन्य घायल हुए हैं। सूत्रों ने बताया कि आतंकियों ने सुबह स्थानीय समय के अनुसार साढ़े 11 बजे व्यस्त बालाजन बाज़ार में गोलीबारी शुरू की। बाद में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मुठभेड़ में मार गिराया जबकि 3 अभी भी फ़रार बताए जा रहे हैं। आतंकी ने पहले बाज़ार में 3 ग्रेनेड फेंके और इसके बाद भीड़ पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
असम के डीजीपी मुकेश सहाय ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए कहा कि आतंकियों ने बाज़ार में निहत्थे लोगों पर आक्रमण किया। उन्होंने इसके पीछे एनडीएफ़बी का हाथ होने का अंदेशा जताया। लेकिन सेना के सूत्रों ने बताया है कि ज्यादातर पीड़ित बोडो हैं इसलिए एनडीएफबी का हाथ इन हमलों के पीछे होने का अंदेशा नहीं है।
गृहराज्य मंत्री किरण रिजीजू ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि कोकराझार वैसे तो शांत हो गया था। यह अचानक जो घटना हुई है, बहुत ही दुखद है।
असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस हमले के बारे में जानकारी दी है। सोनोवाल ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह को भी फ़ोन कर घटना के बारे में बताया।
असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि हेमंत बिस्वा सर्मा कोकराझार के लिए रवाना हो चुके हैं जबकि गुवाहाटी की एनआईए टीम भी कोकराझार पहुंच रही है। (RZ)