स्काॅर्पीन संबंधी सभी संवेदनशील जानकारी वेबसाइट से हटाएगा आॅस्ट्रेलियाई अख़बार
आॅस्ट्रेलिया के उच्चतम न्यायालय ने इस देश के एक समाचारपत्र को आदेश दिया है कि वह भारतीय पनडुब्बी स्कार्पीन संबंधी सभी संवेदनशील जानकारी को वेबसाइट से हटाए।
ऑस्ट्रेलिया के उच्चतम न्यायालय ने इस देश के समाचार पत्र "द ऑस्ट्रेलियन" को निर्देश दिया है कि वह भारत में बन रही स्कॉर्पीन पनडुब्बी से जुड़ी सभी संवेदनशील जानकारी को अपनी वेबसाइट से हटा ले और अगली सुनवाई तक कोई भी जानकारी प्रकाशित न करे। इस अस्थायी आदेश की अवधि गुरुवार को समाप्त होगी। गुरुवार को अदालत स्कॉर्पीन पनडुब्बी बनाने वाली फ्रांस की कंपनी डी.सी.एन.एस. द्वारा दायर मामले की सुनवाई करेगी।
ज्ञात रहे कि डी.सी.एन.एस. ने ऑस्ट्रेलिया के उच्चतम न्यायालय में दायर अपने याचिका में मांग की थी कि द ऑस्ट्रेलियन समाचार पत्र अपनी वेबसाइट पर डाले गए स्काॅर्पीन संबंधी दस्तावेज़ को हटाए आगे कोई अन्य दस्तावेज़ भी प्रकाशित न करे। इस समाचार पत्र ने भारतीय नौसेना के लिए बनाई जा रही स्कॉर्पीन पनडुब्बी के बारे में गुप्त जानकारियों से जुड़े कई पृष्ठ प्रकाशित किये थे। समाचार पत्र ने अपने पास ऐसे 22 हज़ार 4 सौ पृष्ठ होने का दावा किया है। इस बीच, भारतीय नौसेना ने स्कॉर्पीन पनडुब्बी से जुड़ी जानकारी लीक होने की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन कर दिया है। (HN)