सर्जिकल स्ट्राइक का श्रेय आरएसएस को देना, सेना का अपमान हैः मायावती
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मुखिया मायावती ने रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर के बयान की निंदा करते हुए सर्जिकल स्ट्राइक का श्रेय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को सेना का अपमान बताया।
सुश्री मायावती ने एक बयान में कहा कि पर्रिकर द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक का श्रेय पूरी तरह से सेना को देने के बजाय पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को और अब आएसएस को दिया जाना, भारतीय सेना के पराक्रम का अपमान है जो अति-निन्दनीय है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और देश के रक्षामंत्री और स्वयं प्रधानमंत्री द्वारा इसका श्रेय लेकर राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास, उत्तर प्रदेश तथा कुछ अन्य राज्यों में होने वाले चुनावों के दृष्टिगत बहुत ही ग़लत व निन्दनीय है।
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जगजाहिर है कि संघ एक सर्वमान्य संस्था नहीं है क्योंकि इसका एजेण्डा घृणा पर आधारित विभाजनकारी तथा विघटनकारी है। उनका कहना था कि स्वयं को सांस्कृतिक संस्था घोषित करने वाले संघ के सदस्य हमेशा राजनैतिक उद्देश्य से ही काम करते हैं। ज्ञात रहे कि भारत के रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर ने सोमवार को अहमदाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में भारतीय सेना के सर्जिकल स्ट्राइक का श्रेय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को दिया था। (AK)