पाकिस्तान की सेना ने भारतीय दावे को नकारा
पाकिस्तान की सेना ने भारत के इस दावे का खण्डन किया है कि नियंत्रण रेखा पर कुछ पाकिस्तानी सैनिक मारे गए।
पाकिस्तान की सेना के जन संपर्क विभाग ने बयान जारी करके कहा है कि कुछ पाकिस्तानी सैनिकोंं को मारने पर आधारित भारत का बयान, कश्मीर के मुद्दे से विश्व जनमत के ध्यान को हटाने के उद्देश्य से है।
इसी बीच भारत का कहना है कि पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने एक भारतीय जवान की हत्या करके उसके शव को क्षत-विक्षत कर दिया। प्राप्त समाचार के अनुसार शुक्रवार को एलओसी के पास कुपवाड़ा के माछिल सेक्टर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान भारीतय सेना का एक जवान शहीद हो गया। मुठभेड़ के दौरान पाकिस्तानी गोलीबारी का फायदा उठाकर एक आतंकवादी ने शहीद के शव को क्षत-विक्षत कर दिया।
भारतीय सेना ने एक बयान में इस बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की जानकारी देते हुए बदला लेने की बात कही है। श्रीनगर में सेना के प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी गोलाबारी की आड़ में एक आतंकी LoC पार कर भागने में सफल हो गया। उन्होंने कहा कि इस बर्बरतापूर्ण कार्रवाई का उचित जवाब दिया जाएगा। शहीद जवान की पहचान मंजीत सिंह के तौर पर हुई है। मंजीत 17 सिख लाइट इन्फैंट्री में तैनात थे।
इस बीच शनिवार को पाकिस्तान ने एक बार फिर आरएस पुरा सेक्टर में फायरिंग शुरू कर दी है।