मोदी निकले जापान यात्रा पर
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को तीन दिन की यात्रा पर जापान रवाना हो गए।
भारतीय प्रधानमंत्री मोदी जापान की अपनी यात्रा में अपने जापानी समकक्ष शिंजो आबे के साथ वार्षिक शिखर स्तरीय बैठक करेंगे और जापान के सम्राट से भी मिलेंगे। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच असैन्य परमाणु समझौते पर भी हस्ताक्षर किये जाने की उम्मीद है।
पिछले साल दिसंबर में आबे की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों ने इस बारे में व्यापक सहमति बनाई थी लेकिन अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किया जा सका था क्योंकि कुछ तकनीकी और कानूनी पहलुओं को सुलझाया जाना बाकी था।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने पिछले सप्ताह कहा था कि दोनों देशों ने समझौते के मसौदे के जुड़े कानूनी एवं तकनीकी पहलुओं समेत आंतरिक प्रक्रियाओं को पूरा कर लिया है। भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को एक बयान में कहा था कि मैं व्यापार एवं निवेश संबंधों को और मजबूत करने के तरीके तलाश करने के लिए भारत एवं जापान के शीर्ष व्यापारिक नेताओं के साथ विस्तृत वार्ता करूंगा।