भारत के साथ युद्ध के लिए तैयार है पाकिस्तान
पाकिस्तानी वायुसेना के कमान्डर ने कहा है कि भारत के साथ जंग की स्थिति में इस देश की सेना पूरी तरह तैयार है।
एयर चीफ़ मार्शल सुहैल अमान ने कहा कि आतंकियों के ख़िलाफ़ अभियान ‘ज़र्ब अज़्ब’ के दौरान सशस्त्र बलों ने बड़ा अनुभव हासिल किया है और जंग शुरु होने की स्थिति में भारत की ओर से संभावित ख़तरे से निपटने के लिए सशस्त्र बल पूरी तरह तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि बेहतर होगा कि भारत कश्मीर के विषय पर संयम दिखाए और बातचीत के ज़रिए इस मुद्दे को हल करे।
उन्होंने कहा कि भारत प्रशासित कश्मीर के उड़ी सेक्टर पर भारतीय सुरक्षा बल के ठिकाने पर हमले और इस हमले के लिए पाकिस्तान को ज़िम्मेदार ठहराए जाने के बाद, पाकिस्तानी सशस्त्र बल दुश्मन की ओर से संभावित ख़तरों से निपटने के लिए तैयार है।
एयर चीफ़ मार्शल सुहैल अमान ने कहा कि पाकिस्तान के पास ट्रेनिंग विमान सूपर मश्शाक़ का कारख़ाना है और इन विमानों को क़तर और नाइजीरिया को बेचने का समझौता हुआ है।
उड़ी में भारत के 18 सैनिकों के मारे जाने के बाद से भारत-पाकिस्तान के संबंध ख़राब चल रहे हैं। जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर भारत- पाकिस्तान के बीच गोलीबारी, जो लगभग तीन महीने पहले शुरु हुयी थी, अभी भी जारी है। (MAQ/N)