नोटबंदी के बाद भारतीय अर्थव्यवस्था बुरी तरह लड़खड़ाई हैः राहुल गांधी
कांग्रेस के उपाध्यक्ष ने कहा है कि नोटबंदी के चलते लोगों को जो परेशानियां हो रही हैं उसका जवाब नरेंद्र मोदी को देना चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि 30 तारीख आने वाली है लेकिन हालात बिल्कुल भी नहीं बदले हैं।
मंगलवार को एक प्रेस कांफ़्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि नोटबंदी के बाद पैसों को बदलने के लिए एक नया ब्लैक मार्केट तैयार हुआ है। नोटबंदी की चोट ग़रीबों को लग रही है। उन्होंने कहा कि बीज और खाद खरीदने के लिए किसान के पास पैसा नहीं है। छोटे दुकानदारों के पास पैसा नहीं रहा। बेरोज़गारी बढ़ गई है। किसान, मज़दूर, दुकानदार और इंडस्ट्री वाले सब ही रो रहे हैं। राहुल गांधी के अनुसार आज भारत की अर्थव्यवस्था बुरी तरह लड़खड़ा गई है। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि मोदी जी ने कहा था कि वे इंडिया में अच्छे दिन ले आएंगे। क्या यही अच्छे दिनों का नमूना है?
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने कहा था कि 30 तारीख को सबकुछ ठीक हो जाएगा और अगर ऐसा नहीं होगा तो मैं जवाब दूंगा। डिमोनेटाइजेशन का लक्ष्य फेल हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को अब जवाब देना है कि जो मुश्किलें भारतीय जनता को सहनी पड़ रही हैं उसके लिए ज़िम्मेदार कौन है?