मोदी का राष्ट्र के नाम संदेश, नहीं हुआ कोई बड़ा एलान
https://parstoday.ir/hi/news/india-i32920-मोदी_का_राष्ट्र_के_नाम_संदेश_नहीं_हुआ_कोई_बड़ा_एलान
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर राष्ट्र को संबोधित करते हुए नोट बंदी की प्रशंसा की है और कहा है कि अब नए संकल्प और उमंग के साथ देश के लोग नए साल में क़दम रखेंगे।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec ३१, २०१६ १७:१९ Asia/Kolkata
  • मोदी का राष्ट्र के नाम संदेश, नहीं हुआ कोई बड़ा एलान

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर राष्ट्र को संबोधित करते हुए नोट बंदी की प्रशंसा की है और कहा है कि अब नए संकल्प और उमंग के साथ देश के लोग नए साल में क़दम रखेंगे।

मोदी ने कहा है कि दिवाली के बाद देश ने एक बड़ा फैसला लिया और बुराई के ख़िलाफ़ देश की जनता ने केंद्र सरकार का पूरा साथ दिया। उन्होंने कहा कि मेरी सरकार और देशवासी भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए एक बड़ा ऐलान किया कि अब शहरों में 9 लाख रुपये तक का घर बनाने के लिए ब्याज़ दर में 4 प्रतिशत छूट दी जाएगी, जबकि 12 लाख रुपये तक लोन पर 3 फीसदी की छूट दी जाएगी और गांवों में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत वर्ष 2017 से 33 फीसदी ज़्यादा घर बनाए जाएंगे।

भारतीय प्रधानमंत्री ने नोट बंदी की तारीफ़ करते हुए कहा कि बड़े नोट से केवल देश में महंगाई और कालाधन बढ़ रहा था, बड़े नोट गरीबों का हक छीन रहे थे। उन्होंने कहा कि कैश अगर अर्थव्यवस्था के साथ हो तो देश का विकास होता है लेकिन देश में वैसा नहीं हो रहा था, मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि हम सच्चाई से कब तक मुंह मोड़ते रहेंगे।

नरेंद्र मोदी ने भारत वासियों को संबोधित करते हुए पूछा क्या आपको नहीं लगता कि देश की भलाई के लिए ईमानदारी के आंदोलन को और अधिक ताकत देने की ज़रूरत है? उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान ने जो करके दिखाया है, ऐसा विश्व में तुलना करने के लिए कोई उदाहरण नहीं।

भारतीय प्रधानमंत्री ने कहा की  अब पूरे देश में बैंकिंग व्यवस्था को सामान्य करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, विशेषकर ग्रामीण इलाक़ों में, दूर-दराज़ वाले क्षेत्रों में प्रो-एक्टिव होकर हर छोटी से छोटी कमी को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, कालाधन, जालीनोट के ख़िलाफ़ लड़ाई में देश की जनता अब एक क़दम भी पीछे नहीं हटना चाहती है और आपका यही जज़्बा, प्यार मेरे लिए आपका आशीर्वाद है।

उल्लेखनीय है कि नोटबंदी के 50 दिन पूरे होते ही मोदी सरकार ने एटीएम से कैश निकालने की लिमिट बढ़ा दी है। 30 दिसंबर को सरकार की ओर से घोषणी की गई कि अब नए साल से लोग हर दिन एटीएम से 4500 रुपये निकाल सकेंगे।  हालांकि बैंक से कैश निकालने की लिमिट नोटबंदी के बाद भी हर हफ्ते 24 हज़ार रुपये ही है।

ज्ञात रहे कि इससे पहले 8 नवंबर 2016 को शाम में देश को संबोधित करते हुए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी का ऐलान किया था। मोदी ने कालेधन और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए 500 और 1000 रुपये के नोट को अवैध करार देते हुए उसे प्रचलन से बाहर करने की घोषणा की थी। इसके लिए उन्होंने देशवासियों से 50 दिन का समय मांगा था, 30 दिसंबर को ही नोटबंदी के 50 दिन पूरे भी हो गए। (RZ)