आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में भारत, पाकिस्तान के साथ
भारतीय गृहमंत्री ने कहा है कि अगर पाकिस्तान आतंकवाद के ख़िलाफ़ कार्यवाही में सहयोग मांगता है तो भारत उसका पूरा साथ देगा।
भारत के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उनका देश आतंकवाद के ख़िलाफ़ युद्ध में विश्व समुदाय के साथ मज़बूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि भारत और दुनिया के दूसरे देश आपस में मिलकर ही आतंकवाद के ख़तरे का सफलतापूर्वक मुक़ाबला कर सकते हैं।
भारत के गृहमंत्री ने कहा कि अगर पाकिस्तान आतंकवादियों और उनके संगठनों के ख़िलाफ़ प्रभावी कार्रवाई करता है, तो भारत पाकिस्तान का साथ देगा। इससे न केवल दोनों देशों के आपसी संबंधों में सुधार होगा, बल्कि दक्षिण एशिया में भी शांति और स्थिरता स्थापित होगी। उन्होंने कहा कि आतंकवाद जैसे बड़े ख़तरे से निपटने के लिए आवश्यक और बुनियादी क़ानूनी ढांचा तैयार किया जा रहा है ताकि आतंकवाद को प्रभावी ढंग से जड़ से समाप्त किया जा सके।
राजनीतिक टीकाकारों का मानना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच इन दिनों जारी तनाव के बीच भारतीय गृहमंत्री का इस तरह का बयान आतंकवाद से मुक़ाबले के साथ-साथ दोनों देशों के बीच जारी तनाव को भी कम कर सकता है। (RZ)