अब शाही इमाम ने किया मायावती के समर्थन का एलान
दिल्ली की जामा मस्जिद के शाही इमाम अहमद बुख़ारी ने तमाम मुसलमानों से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी को समर्थन करने की अपील की है।
एक निजी न्यूज़ चैनल से बातचीत में इमाम बुख़ारी ने समाजवादी पार्टी पर मुसलमानों को धोखा देने का आरोप लगाया है। याद रहे कि शाही इमाम ने बीएसपी को समर्थन देने का ऐलान तब किया है जब यूपी में 2 दिन बाद पहले चरण के लिए वोटिंग होने वाली है।
भारत के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में जैसे जैसे वोटिंग की तारीख़ नज़दीक आ रही है राजनीति अपने पूरे चरम पर पहुंच गई है। दिल्ली से हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार राजधानी दिल्ली में स्थित शाही जामा मस्जिद के इमाम सय्यद अहमद बुख़ारी ने समाजवादी पार्टी पर मुसलमानों को धोखा देने का आरोप लगाते हुए 2017 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी को वोट देने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि यूपी के पिछले विधानसभा चुनाव में इमाम बुख़ारी ने समाजवादी पार्टी का समर्थन किया था और मुलायम सिंह यादव के साथ मंच भी साझा किया था। 2012 में समाजवादी पार्टी सत्ता में आने के बाद कुछ कारणों से इमाम बुख़ारी और समाजवादी पार्टी के बीच तल्ख़ी बढ़ती गई। अखिलेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आज़म खान ने तो इमाम बुख़ारी पर आईएसआई का एजेंट होने तक का आरोप लगा दिया था।
इमाम बुख़ारी इससे पहले भी भारतीय मुसलमानों से अपील कर चुके हैं कि, समाजवादी पार्टी के ज़रिए मुसलमानों को धोखा दिया गया है इसलिए यूपी के मुसलमान 2017 के चुनाव में समाजवादी पार्टी को सबक़ सिखाएं। इमाम बुख़ारी ने आरोप लगाया था कि 2012 विधानसभा चुनाव से पहले मुलायम सिंह यादव ने उनका समर्थन लिया और मुस्लिमों को 18 प्रतिशत आरक्षण दिलाने जैसे कई बड़े वादे किए, लेकिन अखिलेश सरकार ने वादा ख़िलाफ़ी की है।
ज्ञात रहे कि 403 सीटों वाले यूपी विधानसभा चुनाव के लिए 7 चरणों में वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में 11 फ़रवरी को 73 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में जिन सीटों पर चुनाव होने हैं वे सभी पश्चिमी यूपी की हैं और इन सीटों पर मुस्लिम मतों का बहुत प्रभाव है। (RZ)