परमाणु शहर के निर्माण का पाकिस्तान का आरोप निराधारः भारत
भारत ने पाकिस्तान के इस दावे को रद्द कर दिया है कि वह एक गोपनीय परमाणु शहर का निर्माण कर रहा है।
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा कि पाकिस्तान का यह दावा, पूरी तरह से निराधार आरोप है। उन्होंने कहा कि यह पाकिस्तान की कल्पना मात्र है। विकास स्वरूप ने कहा कि भारत हमेशा अपने अंतर्राष्ट्रीय दायित्वों का पालन करता रहा है। विकास स्वरूप ने कहा कि नई दिल्ली के विरुद्ध यह आरोप, पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद और आतंकवादियों को पनाह देने जैसे मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने का हथकंडा है।
ज्ञात रहे कि पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नफ़ीस ज़करिया ने इससे पहले कहा था कि भारत, गुप्त परमाणु शहर का निर्माण कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ने परमाणु हथियारों का ज़ख़ीरा एकत्र कर लिया है जो क्षेत्र में सामरिक संतुलन को कमज़ोर कर देगा।
नफ़ीस ज़करिया ने यह भी आरोप लगाया कि भारत अंतर-महाद्वीपीय मिसाइलों को लेकर परीक्षण करता रहा है जिनसे क्षेत्र में सामरिक संतुलन को बिगाड़ रहा है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि अधिक से अधिक ख़तरनाक हथियार रखने के लिए चल रहे भारतीय अभियान पर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को संज्ञान लेना चाहिए।