चौथे चरण का प्रचार थमा, नेताओं ने झोंक दी पूरी ताक़त
उत्तर प्रदेश में चौथे चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार थम गया है और एक दूसरे पर निरंतर आरोप प्रत्यारोप का क्रम जारी है।
उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद ज़िले में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और वर्तामान मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव ने संयुक्त रोड शो किया। आनंद भवन से शुरू होने वाला रोड शो जब बालसन चौराहे पर पहुंचा है तो महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद अखिलेश सिंह और राहुल गांधी ने रथ पर खड़े होकर लोगों का अभिवादन किया। इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इलाहाबाद के कौशांबी में जनसभा को संबोधित किया और विरोधियों पर जम कर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार बनती है तो निर्धनों को राशन और पेंशन दी जाएगी। उनका कहना था कि भारतीय जनता पार्टी ने देश को धोखा दिया जबकि बसपा ने विकास के नाम पर हाथी बनवाए हैं।

उधर रायबरेली में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार किसानों को बर्बाद कर रही है, किसानों के पास पैसे नहीं है, छोटे व्यापारी खत्म हो गए हैं। उन्होंने मोदी के वाराणसी को गोद लेने के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मोदी ने अपनी मां से बहुत सारे वादे किए थे, लेकिन अब तक एक भी पूरे नहीं किए।

दूसरी ओर बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख सुश्री मायावती ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के गोंडा ज़िले में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव ने पुत्रमोह में भाई शिवपाल यादव को किनारे कर दिया। उनका कहना था कि भाजपा ने 15 लाख रुपये हर खाते में जमा कराने की बात की थी किन्तु अभी तक किसी के खाते में कुछ भी जमा नहीं हुआ, इसीलिए जनता बीजेपी को भारतीय जुमला पार्टी कहती है।

उधर उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद ज़िले में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी रोड शो किया। उनके साथ उत्तर प्रदेश भाजपा प्रमुख केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद हैं। इलाहाबाद और कौशाम्बी ज़िलों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने सपा-कांग्रेस और बसपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता प्रधानमंत्री मोदी में विश्वास जताने के लिए भाजपा की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। उनका कहना था कि उत्तर प्रदेश में केवल अपराध बोलता है। इससे जनता को के भाजपा सरकार ही मुक्ति दिला सकती है। ज्ञात रहे कि उत्तर प्रदेश में 23 फ़रवरी को चौथे चरण का मतदान होगा। (AK)