उत्तर प्रदेश चुनावः राजनेताओं ने जमकर चलाए तीर,
भारत के उत्तर प्रदेश राज्य में छठें चरण के लिए चुनाव प्रचार थम गया है। 4 मार्च को 49 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। छठें चरण के लिए चुनावों के दौरान कई विवादित बयान दिए गए जबकि गोरखपुर में टकराव भी हो गया।
सूचना है कि गोरखपुर में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और योगी आदित्यनाथ के रोड शो से पहले स्थानीय प्रशासन ने बीजेपी के झंडे और पोस्टर उतार दिए जिसके चलते लड़ाई शुरू हो गई। विवाद के बाद रोड शो शुरू हुआ तो अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने रोड शो में शक्ति प्रदर्शन किया। इसी बीच रैली में आगे रहने को लेकर बीजेपी के दो कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और बाक़ायदा लड़ाई शुरू हो गई।
दूसरी ओर राज्य के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कोई काम ना करना ही मोदी का सबसे बड़ा कारनामा है। अखिलेश ने नगरा क्षेत्र में सपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभा में कहा कि मोदी जी हमारे कारनामे बताते हैं लेकिन उन्होंने अपने काम का अब तक कोई हिसाब-किताब नहीं दिया।
इसी बीच बीजेपी ने मांग की है कि मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में बुर्का पहनकर आने वाली महिलाओं के पहचान पत्रों की जांच के लिए महिला पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की जाए। यूपी बीजेपी ने इस बारे में मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र भेजा है।