लखनऊ में संदिग्ध आतंकी और पुलिस में मुठभेड़
भारत के उत्तर प्रदेश राज्य की राजधानी लखनऊ ठाकुरगंज में संदिग्ध आतंकी और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ की सूचना मिली है।
भारतीय समाचार सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज इलाक़े में स्थित हाजी कालोनी में सुरक्षा बलों और संदिग्ध आतंकी के बीच मुठभेड़ शुरू हुई जो रिपोर्ट मिलने तक जारी थी। लखनऊ से मिली सूचना के अनुसार इस मुठभेड़ में एक सुरक्षाकर्मी घायल भी हुआ है।
इस बीच स्थानीय पुलिस एवं भारत के आतंकवाद निरोधक दल ने संदिग्ध आतंकी को चारों ओर से घेर लिया है।
घटना स्थल पर मौजूद हमारे एक श्रोता रेहान अब्बास ने हमें बताया कि संदिग्ध आतंकी ने ख़ुद को एक कमरे में बंद कर लिया है। जबकि दोनों तरफ़ से लगातार फ़ायरिंग की जा रही है। रेहान अब्बास के अनुसार इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल उत्पन हो गया है।
भारतीय मीडिया संदिग्ध आतंकी का नाम सैफुल बता रहा है और साथ ही दाइश से भी उसके तार जुड़े होने की बात की जा रही है। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आतंकी के पास कई तरह के हथियार मौजूद हैं। जबकि सुरक्षा बलों का प्रयास है कि संदिग्ध आतंकी को ज़िन्दा पकड़ा जा सके। इस बीच कमरे में छिपे आतंकी को बाहर निकालने ने लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए हैं।
दूसरी ओर भारतीय सुरक्षा एजेंसियां लखनऊ में मौजूद संदिग्ध आतंकी के तार मंगलवार की सुबह भोपाल-उज्जैन पैसेंजर में हुए ब्लास्ट से जोड़ रहे हैं। जबकि भारतीय मीडिया में भी इस बात पर बहस छिड़ गई है कि मध्यप्रदेश के उज्जैन के पास हुए धमाके के बाद इतनी जल्दी आतंकी कैसे लखनऊ पहुंच सकता है? (RZ)