मुसलमानों को किसी का रहम नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकार चाहिए:ओवैसी
https://parstoday.ir/hi/news/india-i40502-मुसलमानों_को_किसी_का_रहम_नहीं_बल्कि_संवैधानिक_अधिकार_चाहिए_ओवैसी
भारत के मुस्लिम सांसद असदउद्दीन ओवैसी ने कहा है कि भारत का मुसलमान किसी के रहम का मोहताज नहीं है। उन्होंने मोदी के मंत्री रविशंकर प्रसाद के बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr २२, २०१७ १५:०२ Asia/Kolkata
  • मुसलमानों को किसी का रहम नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकार चाहिए:ओवैसी

भारत के मुस्लिम सांसद असदउद्दीन ओवैसी ने कहा है कि भारत का मुसलमान किसी के रहम का मोहताज नहीं है। उन्होंने मोदी के मंत्री रविशंकर प्रसाद के बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है।

प्राप्त समाचारों के अनुसार भारत के तेलंगाना राज्य के हैदराबाद शहर से सांसद और मजलिसे इत्तेहादुल मुस्लेमीन के प्रमुख असदउद्दीन ओवैसी ने मोदी सरकार के मंत्री रविशंकर प्रसाद की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा है कि भारत का मुसलमान किसी के रहम का मोहताज नहीं है। ओवैसी ने रविशंकर प्रसाद के उस बयान पर टिप्पणी की जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत का मुसलमान भाजपा को वोट नहीं देता फिर भी जहां भी बीजेपी सरकार है वहां मुसलमानों का ख़्याल रखा जाता है।

असदउद्दीन ओवैसी ने हैदराबाद में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मुसलमान, भारत में अपने अधिकारों की प्राप्ति के लिए किसी सरकार की दया पर निर्भर नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत की केंद्र सरकार सहित हर राज्य की सरकारें संवैधानिक तौर पर देश के मुसलमानों को उनके अधिकार देने के लिए अधिकृत है। ओवैसी ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारों की यह ज़िम्मेदारी बनती है कि वह मुसलमानों के संवैधानिक अधिकारों को देने का भरपूर प्रयास करे।

भारतीय सांसद असदउद्दीन ओवैसी ने कहा कि रविशंकर प्रसाद केंद्र के मंत्री हैं उनका काम देश के हर एक नागरिक के लिए पूरी इमानदारी से कार्य करना है न कि वह किसी धर्मविशेष ख़ासकर मुसलमानों को धमकाने की कोशिश करें।

उल्लेखनीय है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और मोदी सरकार में संचार एवं प्रौद्योगिकी मामलों के केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कल कहा था कि मुसलमान भाजपा को वोट नहीं देते लेकिन फिर भी सरकार उनका का ख़्याल रखती है। (RZ)