भारत की राजधानी में हाई अलर्ट, आतंकवादी हमले का ख़तरा
नई दिल्ली में कुछ आतंकवादियों के घुसने की सूचना के आधार पर भारत की राजधानी में हाई अलर्ट कर दिया गया।
एजेन्सियों से मिली सूचनाओं के आधार पर कुछ आतंकी, लंदन जैसी आतंकवादी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से नई दिल्ली में घुस आए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह आतंकवादी ईद से पहले कोई बड़ी आतंकवादी घटना अंजाम देना चाहते हैं।
एनडीटीवी इंडिया को मिली जानकारी के अनुसार खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिला है कि 6 से 7 आतंकी दिल्ली में घुस आए हैं। वे यहां लंदन की तर्ज पर हमला करने की फ़िराक़ में हैं। अब केंद्रीय गृह मंत्रालय इस सूचना की छानबीन में लग गया है लेकिन एहतियात के तौर पर ईद तक यानी 26 जून तक दिल्ली को अलर्ट कर दिया गया है। दिल्ली में बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मेट्रो स्टेशनों, हवाई अड्डों, व्यापारिक केन्द्रों, धार्मिक स्थलों, मनोरंजन स्थलों और पर्यटन केन्द्रों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
भारत की गुप्तचर एजेन्सियों के अनुसार एक राज्य से दूसरे राज्यों में जाने वाले वाहनों की गहन छानबीन की जाए।