अगले वित्त वर्ष से चाबहार बंदरगाह का संचालन शुरूः गडकरी
भारत के सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि ईरान और भारत के बीच व्यापारिक महत्व की स्वामी चाबहार बंदगाह पर अगले वित्त वर्ष की शुरुआत में संचालन आरंभ हो जाएगा।
गडकरी ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा कि इस बंदरगाह का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अब वहां पर ढांचागत सुविधाएं जुटाई जा रही हैं।
इसके लिए चार सौ करोड़ रुपए का आर्डर देने की तैयारी चल रही है। नितिन गडकरी ने कहा कि चाबहार बंदरगाह का निर्माण, भारत तथा ईरान के बीच व्यापारिक दृष्टि से अत्यधिक महत्वपूर्ण है। गडकरी ने कहा कि चाबहार बंदरगाह से भारत तथा ईरान के बीच आयात व निर्यात होने वाली कई वस्तुओं के दामों में भारी गिरावट आएगी। उन्होंने कहा कि इसका सबसे ज्यादा असर यूरिया खाद की दर पर पड़ेगा और भारत सरकार, किसानों को 50 से 60 प्रतिशत कम दर पर यूरिया उपलब्ध करा सकेगी।
भारत के सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि इसके बनने से ईरान ही नहीं बल्कि रूस तथा अफ़ग़ानिस्तान के लिए भी सामान की आवाजाही करना बहुत आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बंदगाह का संचालन शुरू होने के बाद चाबाहार तथा कांडला के बीच की दूरी दिल्ली तथा मुंबई की दूरी से भी कम हो जाएगी।