मुफ़्ती की सरकार गिरा देनी चाहिएःसुब्रमण्यम स्वामी
https://parstoday.ir/hi/news/india-i56867-मुफ़्ती_की_सरकार_गिरा_देनी_चाहिएःसुब्रमण्यम_स्वामी
भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने सेना पर एफ़आईआर दर्ज किए जाने की घटना की निंदा करते हुए इसे शर्मनाक बताया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan ३०, २०१८ १२:४४ Asia/Kolkata
  • मुफ़्ती की सरकार गिरा देनी चाहिएःसुब्रमण्यम स्वामी

भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने सेना पर एफ़आईआर दर्ज किए जाने की घटना की निंदा करते हुए इसे शर्मनाक बताया है।

उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती को सेना के ख़िलाफ़ दर्ज प्राथमिकी तुरंत वापस लेनी चाहिए अन्यथा सरकार गिरा देनी चाहिए। सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि ऐसी सरकार को बर्ख़ास्त कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज तक यह बात समझ में नहीं आई कि हम क्यों ऐसी सरकार चला रहे हैं? इस बीच राज्य के उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने कहा है कि हम इस तरह किसी को भी इस बात की इजाजत नहीं दे सकते कि कोई सेना की मान-मर्यादा और प्रतिष्ठा को धूमल कर सके।

उधर नेशनल कॉन्फ्रेन्स के विधायक मोहम्मद सागर ने शोपियां में दो नागरिकों की मौत के लिए जिम्मेदार सेना के अफसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञात रहे कि शनिवार को कश्मीर घाटी के शोपियां में 2 नागरिकों के मारे जाने के बाद पुलिस ने सेना पर मर्डर का केस दर्ज किया है।

जम्मू - कश्मीर पुलिस का दावा है कि शनिवार 27 जनवरी को शोपियां ज़िले के गानवपोरा गांव से जिस समय सेना का क़ाफिला गुज़र रहा था, उस वक्त प्रदर्शनकारियों ने सेना के ऊपर पत्थराव किया और एक जूनियर कमीशंड ऑफ़िसर को पकड़कर उसका सर्विस हथियार छीनने का प्रयास किया, इसके बाद सेना के जवानों ने प्रदर्शनकारियों पर फ़ायरिंग कर दी जिसमें दो लोग मारे गये।

दूसरी ओर कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों में घटना के विरोध में अलगाववादियों की हड़ताल से जनजीवन प्रभावित रहा। (ak)