2019 में भाजपा को सत्ता में नहीं आने देंगेः सोनिया गांधी
भारत में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का एक महत्वपूर्ण भाषण चर्चा के केन्द्र में आ गया है।
सोनिया गांधी ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में भाषण देते हुए भारत में भारत में लोकतंत्र की भूमिका, वर्तमान परिस्थितियों और भविष्य के बारे में अपने विचार रखे। सोनिया गांधी ने वर्तमान मोदी सरकार की कार्यशैली को निशाना बनाते हुए कहा कि लोकतंत्र में चर्चा और मतभेद दोनों स्वीकार्य हैं, पर एकालाप नहीं।
सोनिया गांधी का कहना कि राष्ट्र निर्माताओं को बदनाम किया जा रहा है जो खेद की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके प्रधानमंत्रियों द्वारा आजादी के बाद हासिल की गई उपलब्धियों की सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा लगातार आलोचना की जा रही है और उन्हें कमतर बताया जा रहा है।
सोनिया गांधी ने वर्ष2004 में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद अपने नेतृत्व की भूमिका पर कहा कि वह जानती थीं कि मनमोहन सिंह उनसे अच्छे प्रधानमंत्री साबित होंगे औरसाथ ही वह अपनी सीमाओं के बारे में जानती थीं।
कार्यक्रम के प्रश्नोत्तर सत्र में सोनिया गांधी ने राहुल गांधी को परामर्श देने के विषय में कहा कि मैं खुद ऐसा नहीं करने की कोशिश करती हूं, राहुल पार्टी को पुनर्जीवित करने के लिए वरिष्ठ और युवा नेताओं के बीच संतुलन बनाना चाहते हैं, और यह कोई आसान काम नहीं है।
सोनिया गांधी ने प्रियंका गांधी के राजनीति में आने के बारे में सवाल का उत्तर देते हुए कहा कि प्रिंयका अपने बच्चों की देख-रेख में व्यस्त हैं, यह उनका फैसला है और भविष्य के बारे में कोई नहीं जानता।
सोनिया गांधी ने कहा कि मैं जल्द ही विपक्षी पार्टियों और अन्य पार्टियों के राजनेताओं से मिलने वाली हूं और राजनीति के बारे में बात करने वाली हूं। अगर हम इस देश की चिंता करते हैं तो हमें अपने सभी राजनीतिक मतभेद भुलाने होंगे और साथ आना पड़ेगा।
सोनिया गांधी का कहना था कि साल 2019 के लिए पार्टी स्तर पर हमारी पार्टी को लोगों के साथ जुड़ने के नए रास्ते बनाने होंगे, हमें अपनी पॉलिसी भी बदलनी पड़ेगी, मैं मानती हूं कि हमारी कई पॉलिसियों को मौजूदा भाजपा ने अपनाया है लेकिन हमें अब और नई बातों के बारे में सोचना होगा।
सोनिया गांधी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि संसद में हमें बोलने नहीं दिया जाता, और ऐसे में हमें अपनी बात पहुंचाने के लिए आवाज़ उठानी पड़ती है और कई को लगता है कि हम सदन के कमकाज में बाधा कर रहे हैं।
सोनिया गांधी ने कहा कि लोगों को अभी भी 'अच्छे दिनों' की ज़रूरत है, भाजपा के 'अच्छे दिन' का हाल 'शाइनिंग इंडिया' जैसा बन गया है, इस कारण पहले कांग्रेस को जीत मिली थी। सोनिया गांधी ने कहा कि मैं स्लोगन और जुमलों में कतई यक़ीन नहीं करती, आप चुनाव में लोगों को ऐसे वायदे कैसे कर सकते हैं जो वो पूरे नहीं कर सकते? उन्होंने कहा कि मुझे भारत की जनता पर यक़ीन है लेकिन मुझ देश की चिंता है, हम भाजपा को फिर से सत्ता में नहीं आने देंगे।