भारत-चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर वाकयुद्ध तेज़
भारत-चीन के बीच वाकयुद्ध तेज़ हो गया है।
चीन के राष्ट्रपति शी जिन पिंग ने हाल ही में कहा था कि उनका देश दुश्मनों से ख़ूनी जंग लड़ने के लिए तय्यार है।
भारतीय रक्षा मंत्री निर्मला सीथारमन ने रविवार को कहा कि भारत डोकलाम में किसी भी अप्रत्याशित स्थिति का मुक़ाबला करने को तय्यार है। भारतीय रक्षा मंत्री ने देहरादून में कहा कि हम चौकस हैं और डोकलाम में किसी भी स्थिति का मुक़ाबला करने को तय्यार हैं।
उन्होंने कहा कि हम अपनी सेनाओं के आधुनिकीकरण का निरंतर प्रयास कर रहे हैं और हम अपनी क्षेत्रीय अखंडता को बनाए रखेंगे।
चीन में नियुक्त भारतीय राजदूत गौतम बंबावाले ने शनिवार को सचेत किया था कि भारतीय सीमा पर जारी यथास्थिति को बदलने की चीन की किसी भी कोशिश से दोनों देशों के बीच डोकलाम जैसा दूसरा गतिरोध पैदा हो सकता है।
ग़ौरतलब है कि पिछले साल 16 जून को भारत-चीन के सैनिकों के बीच उस समय गतिरोध पैदा हो गया था जब भारतीय सैनिकों ने विवादित क्षेत्र में चीनी सैनिकों को एक सड़क के निर्माण से रोक दिया था।
भारत-चीन के बीच लंबे समय से सीमा विवाद चल रहा है जिसके हल के लिए बातचीत का क्रम भी जारी है।(MAQ/N)