महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए चीन पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच दो दिवसीय अप्रत्याशित शिखर वार्तांओं का दौर शुक्रवार से शुरू हो रहा है।
इस यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच अनौपचारिक सीधी बातचीत होगी। वार्ता का मुख्य लक्ष्य दोनों देशों के कुछ अति विवादास्पद मुद्दों पर सहमति की राह खोजना बताया जा रहा है।
भारतीय प्रधानमंत्री और चीनी राष्ट्रपति शुक्रवार को दिन के भोजन के बाद अकेले में बैठक करेंगे और उसके बाद दोनों नेता हुबई प्रांतीय संग्रहालय जाएंगे जहां दोनों नेताओं की वार्ता शुरु होगी जिसमें दोनों ओर से छह-छह वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे।
दोनों नेताओं ने अपनी अनौपचारिक बैठकों की शुरुआत 2014 में की थी जब चीनी राष्ट्रपति ने भारत का दौरा किया था। इस दौरान किसी समझौते पर हस्ताक्षर नहीं होंगे और न ही कोई साझा बयान जारी किया जाएगा।
सूत्रों का कहना है कि यह शिखर सम्मेलन मुद्दों को सुलझाने पर सहमति बनाने का प्रयास है जो कि किसी समझौते की घोषणा के बजाय बाद की कार्यवाही पर केन्द्रित होगा। (AK)