चीन ने सीमा पर बढ़ाई हवाई शक्ति, भारत की चिंता बढ़ी
भारतीय वायुसेना के प्रमुख बीएस धनोआ ने गुरुवार को कहा कि चीन भारत सीमा पर तिब्बती क्षेत्र में अपनी हवाई ताकत बढ़ा रहा है।
एयर चीफ़ मार्शल बीएस धनोआ ने एक थिंक टैंक को संबोधित करते हुए कहा कि सभी आकस्मिक स्थितियों में अभियानों के पूर्ण संचालन के लिए लड़ाकू विमानों के 42 स्क्वाड्रन की ज़रूरत है।
उनका कहना था कि वर्तमान स्थिति में आईएएफ़ के पास लडाकू विमानों के केवल 31 स्क्वाड्रन हैं। उन्होंने बताया कि तिब्बती क्षेत्र में चीन अपने लड़ाकू विमान तैनात कर रहा है।
उन्होंने हालांकि कहा कि जब भी जरूरत होगी तो आईएएफ़ में तेजी से युद्ध लड़ने की क्षमता है। एयर चीफ़ मार्शल बीएस धनोआ ने कहा कि आतंकवादी संगठनों द्वारा लगातार किए जा रहे हमलों से संकेत मिलते हैं कि कुछ क्षेत्रों में भारतीय प्रतिरोध काम नहीं कर रहा है।
उन्होंने बल दिया कि इस क्षेत्र में क्षमताओं को बढाने की जरूरत है ताकि इस्लामाबाद के रूख व्यवहारगत परिवर्तन सुनिश्चित किया जा सके।
चीन की सीमा पर स्थिति के बारे में उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से हमने तिब्बती क्षेत्र में चीनी विमानों की तैनाती में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी देखी है। एयर चीफ मार्शल ने कहा कि उन्होंने हाल में चीनी वायु सेना के अधिकारी से कहा था कि दोनों पक्षों को संघर्ष से बचने के लिए अधिक बार बैठकें करनी चाहिए। (AK)