भारत और चीन के बीच हॉटलाइन स्थापित करने पर बनी सहमति
भारत और चीन की सेनाएं अपने मुख्यालयों के बीच हॉटलाइन स्थापित करने जा रही है।
चीन के आधिकारिक मीडिया ने यह जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच वुहान में अनौपचारिक बैठक के बाद यह फ़ैसला किया गया।
सरकारी दैनिक अखबार ग्लोबल टाइम्स ने रिपोर्ट दी कि दोनों देशों के नेता अपने-अपने सैन्य मुख्यालयों के बीच एक हॉटलाइन स्थापित करने कथित तौर पर सहमत हो गए हैं। इस हॉटलाइन को विश्वास पैदा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है क्योंकि इससे दोनों मुख्यालयों को 3488 किलोमीटर लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा में सीमा गश्ती दल के बीच तनाव और डोकलाम जैसे गतिरोध से बचने के लिए संवाद बढ़ाने में मदद मिलेगी।
भारतीय सेना ने गत वर्ष विवादित क्षेत्र में चीनी सेना को सड़क निर्माण कार्य करने से रोक दिया था जिसके बाद दोनों देशों की सेनाओं के बीच डोकलाम में 16 जून से शुरू होकर 73 दिन तक गतिरोध चला था।
ज्ञात रहे कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-चीन संबंध को मज़बूत करने के लिए पिछले सप्ताह चीनी राष्ट्रपति से मुलाक़ात की थी। (AK)