27-28 जुलाई को शताब्दी का सबसे लंबा संपूर्ण चन्द्रग्रहण
27-28 जुलाई, 2018 को 1 घंटा 43 मिनट की कुल अवधि का संपूर्ण चन्द्रग्रहण होगा। इतने समय वाला यह चन्द्रग्रहण इस शताब्दी का सबसे लंबा संपूर्ण चंद्रग्रहण होगा।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार 27 और 28 जुलाई की रात एक घंटा 43 मिनट तक चाँद पूरी तरह धरती के साए में होगा, जो न केवल 2001 से अब तक का सबसे लंबा चन्द्रग्रहण होगा बल्कि अगले 82 वर्षों अर्थात 2100 तक इतना लंबा संपूर्ण चन्द्रग्रहण दोबारा नहीं होगा। इसके अलावा 27 जुलाई को मंगल ग्रह धरती के ठीक सामने होगा, जिसके परिणामस्वरूप उस दिन धरती, सूर्य और मंगल ग्रह के बीच में होगी।
इस बीच 27-28 जुलाई से अगस्त महीने के शुरू के दिनों तक, मंगल ग्रह, चन्द्रमा से अधिक नकट पहुंचने के कारण ज़्यादा चमकदार दिखाई देगा। इन दिनों मंगल ग्रह को बिना किसी उपकरण के बड़ी आसानी से देखा जा सकेगा। उल्लेखनीय है कि मंगल ग्रह 2 वर्ष तथा 2 महीने के अंतराल पर सामने आता है जब यह ग्रह पृथ्वी के निकट पहुंच जाता है तो अपेक्षाकृत अधिक चमकीला हो जाता है। मंगल ग्रह की यह विपरीत स्थिति अगस्त 2003 में देखने में आई थी जिस समय लगभग 60,000 वर्षों में दो ग्रह निकटतम दूरी पर आ गए थे। मंगल ग्रह का 31 जुलाई, 2018 को निकटतम आगमन 2 ग्रहों को अत्याधिक क़रीब ले आएगा और मंगल ग्रह 2003 के उपरांत अत्याधिक चमकीला दिखाई देगा।
27 जुलाई को भारत के समयानुसार रात 11 बजकर 54 मिनट पर चंद्रमा का आंशिक ग्रहण शुरू होगा। चंद्रमा धीरे-धीरे पृथ्वी की छाया से ढक जाएगा और 28 जुलाई को भारतीय समयानुसार ठीक देर रात 1 बजे पूर्णरूप से ग्रहण की स्थिति में आ जाएगा। 28 जुलाई को संपूर्ण चन्द्रग्रहण भारतीय समयानुसार 2 बजकर 43 मिनट तक रहेगा, उसके बाद चंद्रमा धीरे-धीरे पृथ्वी की छाया से बाहर आना शुरू हो जाएगा और आंशिक चंद्रग्रहण 28 जुलाई को भारतीय समयानुसार 3 बजकर 49 मिनट में पूरा हो जाएगा। शताब्दी का सबसे लंबा संपूर्ण चंद्रग्रहण भारत के सभी हिस्सों में दिखाई देगा। (RZ)