भारत ने रोहिंग्या शरणार्थियों की म्यांमार वापसी में मदद पर बल दिया
भारत के गृहमंत्री ने बल देकर कहा है कि उनकी सरकार रोहिंग्या शरणार्थियों की बांग्लादेश से म्यांमार वापसी में मदद करेगी।
बांग्लादेश में भारत के दूतावास ने एक बयान में राजनाथ सिंह के हवाले से बताया है कि नई दिल्ली सहायता सामग्री भेज कर और इसी तरह बांग्लादेश में रह रहे रोहिंग्या शरणार्थियों के लिए म्यांमार के राख़ीन प्रांत में घर बना कर उनकी मदद करेगा। राजनाथ सिंह बांग्लादेश के दौरे पर हैं और उन्होंने इस देश की प्रधानमंत्री शैख़ हसीना वाजिद से भी रोहिंग्या शरणार्थियों के बारे में विचार-विमर्श किया है।
बांग्लादेश की सरकार और म्यांमार के बीच होने वाले समझौते के बावजूद रोहिंग्या शरणार्थी बांग्लादेश से अपने घरों को वापस नहीं लौटे हैं। पिछले साल अगस्त के महीने से म्यांमार की सेना और चरमपंथी बौद्धों ने रोहिंग्या मुसलमानों पर पाश्विक हमले शुरू किए थे जिनमें छः हज़ार से अधिक लोग मारे गए थे जबकि लगभग दस लाख लोग बांग्लादेश पलायन करने पर विवश हो गए थे। (HN)