बिहार के बाद यूपी में बच्चियों से रेप की घटना
https://parstoday.ir/hi/news/india-i66953-बिहार_के_बाद_यूपी_में_बच्चियों_से_रेप_की_घटना
उत्तर प्रदेश के देवरिया के शेल्टर होम में बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर जैसी घटना सामने आई है।
(last modified 2023-11-29T05:45:15+00:00 )
Aug ०६, २०१८ १०:४४ Asia/Kolkata
  • बिहार के बाद यूपी में बच्चियों से रेप की घटना

उत्तर प्रदेश के देवरिया के शेल्टर होम में बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर जैसी घटना सामने आई है।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार ज़िले के एसपी ने बताया कि बालिका संरक्षण गृह में जिस्मफ़रोशी की शिकायत पर संचालिका समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यहां यौन शोषण के आरोपों के बाद 24 लड़कियां मुक्त कराई गईं है। 18 लड़कियां अभी भी लापता हैं और शेल्टर होम को सील कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक रोहन पी कनय ने बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित मां विंध्यवासिनी महिला प्रशिक्षण एवं समाज सेवा संस्थान द्वारा संचालित बाल गृह बालिका,बाल गृह शिशु और सुधार गृह की मान्यता पर शासन ने रोक लगा दिया था। इसके बाद भी संस्था में बालिकाओं, शिशुओ तथा महिलाओं को अवैध रूप से रखा जाता था। रविवार शाम बेतिया बिहार की एक बालिका बालिका गृह से भाग निकली जिसने पुलिस को आप बीती बताई। उसके बाद पुलिस ने यह कार्यवाही की।

उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि यहां रह रहीं 15 से 18 साल की लड़कियों से अवैध धंधा कराया जा रहा है। इस बात के सामने आने पर पुलिस ने मौके से 24 महिलाओं और बच्चों को मुक्त कराया गया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी ज़िला अधिकारियों को बाल गृह और महिला संरक्षण गृह का व्यापक निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने बताया है कि घटना के बाद देवरिया के ज़िलाधिकारी सुजीत कुमार को हटा दिया गया है। इसके अलावा डीपीओ प्रभात कुमार भी शामिल हैं। वहीं बाल कल्याण अधिकारी रेणुका कुमार से इस मामले पर रिपोर्ट तलब किर ली है। संस्था को सील कराकर संचालिका गिरिजा त्रिपाठी, उसके पति मोहन त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया गया है। (ak)