भारत में पेट्रोल और डीज़ल के फिर बढ़े दाम, लोग परेशान
भारत में पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में वृद्धि का क्रम शुक्रवार को भी जारी रहा।
भारत में पेट्रोल तथा डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को फिर तेल की कीमतों में बढ़ोत्तरी हुई। भारत की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 48 पैसे महंगा हुआ है जबकि डीजल की कीमत में 52 पैसे बढ़ाए गए हैं। इस प्रकार राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की क़ीमत 79.99 प्रति लीटर हो गई जबकि डीजल की क़ीमत 72.07 प्रति लीटर हो चुकी है। गुरूवार को दिल्ली में पेट्रोल 79-51 था जबकि डीज़ल का मूल्य 71.55 प्रति लीटर था। भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल 87.99 प्रति लीटर और डीज़ल 76.51 प्रति लीटर है।
इसी बीच पेट्रोल और डीज़ल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ने दस सितंबर को भारत बंद का आयोजन किया है. कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पेट्रोल, डीजल के अलावा एलजीपी गैस की कीमत दुगनी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि दूध से लेकर प्लेटफार्म टिकट तक के दाम कई गुना बढ़ चुके हैं। सुरजेवाला के अनुसार उन्होंने विपक्षी पार्टियों से उनकी बात हुई है और वे भी भारत बंद में सहयोग और समर्थन करने को तैयार हैं।
कांग्रेस पार्टी के संगठन महासचिव अशोक गहलोत ने संवाददाताओं से का है कि आज देश का कोई वर्ग खुश नहीं है। उन्होंने कहा कि मंहगाई की मार ने सबकी कमर तोड़ दी है। गहलोत का कहना कि पेट्रोल और डीज़ल के बढ़ते दाम से सब लोग परेशान हैं।
उधर भारत के पेट्रोलियम मंत्री ने इस देश में पेट्रोल और डीज़ल की बढ़ती क़ीमत का ज़िम्मेदार विदेशी कारकों को बताया है। धर्मेन्द्र प्रधान का कहना था कि ओपेक की ओर से अपने तेल उत्पादन को कम करने तथा ईरान पर अमरीका के एकपक्षीय प्रतिबंधों के कारण तेल के मूल्यों में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।