ईरान एक महीने के भीतर चाबहार बंदरगाह को भारत को सौंप देगा
इस्लामी गणतंत्र ईरान के परिवाहन एवं शहरी विकास मंत्री अब्बास आख़ुनदी भारत दौरे पर हैं। उन्होंने नई दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए चाबहार परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया है।
दिल्ली से हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के परिवाहन एवं शहरी विकास मंत्री अब्बास आख़ुनदी ने अपने भारत दौरे के दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए चाबहार बंदरगाह की परियोजना को दोनो देशों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण बताया और कहा कि, ईरान एक महीने के भीतर चाबहार बंदरगाह परियोजना को देख रेख और संचालन के लिए भारत के हवाले कर देगा। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में समझौतों पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं।
ईरान के परिवाहन एवं शहरी विकास मंत्री अब्बास आख़ुनदी, जो दिल्ली में आयोजित पहले अंतर्राष्ट्रीय मोबिलिटी शिखर सम्मेलन में भाग लेने भारत गए हुए हैं। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि चाबहार बंदरगाह का संचालन आरंभ हो चुका है और अब एक महीने के अंदर इसकी देख रेख और संचालन का दायित्व भारत को सौंप दिया जाएगा। अब्बास आख़ुनदी ने चाबहार बंदरगाह परियोजना में भारतीय कंपनियों द्वारा किए गए सहयोग की जमकर प्रशंसा की और कहा कि इस संबंध में चाबहार परियोजना में भारत की कंपनियों ने बहुत अहम भूमिका निभाई है।
ईरान के परिवाहन एवं शहरी विकास मंत्री ने यह भी आशा जताई है कि जल्द ही ईरान और भारत के बीच रेल और निवेश के क्षेत्र में और अधिक सहयोग को बढ़ावा दिए जाने पर काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ईरान और भारत के संबंध क्षेत्र के लिए ज़रूरी है और हम पारसपरिक सहयोग में विस्तार के रास्ते तलाश रहे हैं। अब्बास आख़ुनदी ने कहा कि अमेरिका इस क्षेत्र के बाहर का देश है अतः इस क्षेत्र के देशों को मिलकर अपनी मित्रता को बनाए रखना चाहिए। (RZ)