भारत, धमाके में 2 सैनिकों की मौत 13 घायल
भारत प्रशासित कश्मीर और असम में होने वाले धमाकों में 2 लोग हताहत और 13 अन्य घायल हो गए हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार भारत प्रशासित कश्मीर के जम्मू ज़िले मे स्थित नियंत्रण रेखा के “अख़नूर” सेक्टर में शनिवार को हुए एक धमाके में दो भारतीय सुरक्षाबलों की मौत हो गई है जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि एलओसी के “अख़नूर” सेक्टर के “पलन वाला” इलाक़े में सामान्य गश्त के दैरान शनिवार शाम एक बारूदी सुरंग में धमाका हो गया। इस विस्फोट में दो भारतीय सैनिकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनमें एक की स्थित चिंताजनक बनी हुई है।
दूसरी ओर भारत के असम राज्य में एक ट्रेन में ज़ोरदार धमाका हुआ है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ असम के उदलगुड़ी ज़िले में शनिवार रात को एक इंटरसिटी ट्रेन में विस्फोट में 11 लोग घायल हो गए हैं। भारतीय रेलवे द्वारा जारी बयान में बताया गया है कि, धमाका चलती ट्रेन में शनिवार शाम को करीब पौने सात बजे हुआ। सूत्रों की रिपोर्ट के अनुसार इस हादसे में 11 लोग घायल हुए हैं जिनमें से एक की हालत गंभीर है। (RZ)