भारतीय महिलाओं का ऐतिहासिक प्रदर्शन, 620 किमी लंबी मानव श्रृंखला
भारत में जहां एक ओर मोदी सरकार तीन तलाक़ को लेकर मुस्लिम महिलाओं के प्रति हमदर्दी दिखाने का प्रयास कर रही है वहीं दूसरी ओर लाखों हिन्दू महिलाएं अपने अधिकार के लिए सड़कों पर निकलने पर मजबूर हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार भारत के राज्य केरल के सबरीमला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश को लेकर जारी विरोध के बीच लाखों महिलाओं ने 'लैंगिक समानता के समर्थन' में 620 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाकर ऐतिहासिक विरोध-प्रदर्शन किया है। इन प्रदर्शनकारी महिलाओं ने उत्तरी केरल के कसारागोड से लेकर दक्षिणी ज़िले तिरुवनंतपुरम तक राष्ट्रीय राजमार्गों पर यह मानव श्रृंखला बनाई थी। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक़ मानव श्रृंखला में खड़ी महिलाएं लैंगिक समानता के समर्थन और बीजेपी सहित उन सभी संगठनों के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रही हैं जो महिलाओं के मंदिर में प्रवेश पर प्रतिबंध का समर्थन कर रहे हैं।
केरल के स्थानीय पत्रकारों की रिपोर्ट के अनुसार इस मानव श्रृंखला का हिस्सा बनने के लिए केरल के अलग-अलग क्षेत्रों से पचास लाख महिलाएं पहुंची थीं। इस ऐतिहासिक मानव श्रृंखला विरोध-प्रदर्शन को राज्य की वामपंथी गठबंधन सरकार ने ही आयोजित कराया था।
उल्लेखनीय है कि सबरीमला मंदिर में दस से पचास वर्ष की महिलाओं के ना जाने की परंपरा थी, लेकिन सितंबर में भारत की सर्वोच्च अदालत ने महिलाओं पर लगे प्रतिबंध को हटा दिया था। महिलाओं पर लगा यह प्रतिबंध तो हट गया लेकिन भारतीय जनता पार्टी सहित कई कट्टरपंथी हिन्दू संगठन फिर भी महिलाओं के सबरीमला मंदिर जाने का विरोध कर रहे हैं और जिन महिलाओं ने मंदिर में प्रवेश करने की कोशिश की उनपर जानलेवा हमले भी हुए हैं। (RZ)