भारतीय कंपनी का ईरान से तेल ख़रीदने का फ़ैसला
भारत पेट्रोलियम कंपनी ने अमेरिकी प्रतिंबधों को धता बताते हुए एक बार फिर ईरान से तेल ख़रीदने का फ़ैसला किया है।
समाचार एजेंसी रोएटर्ज़ की रिपोर्ट के मुताबिक़ भारतीय कंपनी जिसने पिछले तीन महीनों से ईरान से तेल ख़रीदना बंद कर रखा था, फैसला किया है कि वह अगले महीने से ईरान से तेल ख़रीदने का सिलसिला फिर से शुरू करेगी। रिपोर्ट में भारत के तेल उद्योग से जुड़े जानकार सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि भारत की सरकारी कंपनी “भारत पेट्रोलियम” अगले महीने ईरान से 10 लाख बैरल तेल ख़रीदने की तैयारी कर रही है।
भारत पेट्रोलियम कंपनी द्वारा ईरानी तेल की ख़रीद की शुरुआत के बाद भारत का ईरान से तेल आयात स्तर 90 लाख बैरल तक पहुंच जाएगा। सूत्रों के मुताबिक़, अगले महीने फ़रवरी में “भारत पेट्रोलियम” और “हिंदुस्तान पेट्रोलियम” कंपनियां कुल मिलाकर ईरान से 20 लाख बैरल तेल ख़रीदेंगी।
उल्लेखनीय है कि ईरान की राष्ट्रीय तेल कंपनी कच्चे तेल की आपूर्ति में ढुलाई लागत पर सब्सिडी भी देती है, साथ ही वह ख़रीदारों को भुगतान बाद में करने की सुविधा भी देती है। भारत में ईरानी कच्चे तेल का आयात “इंडियन आयल कॉर्पोरेशन”, “भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन”, “हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन”, “रिलायंस इंडस्ट्रीज़”, “नायरा एनर्जी” और “मेंगलूर रिफाइनरी ऐंड पेट्रोकेमिकल्स” जैसी कंपनियां करती हैं। अप्रैल-अगस्त 2018 के दौरान, भारत ने 9.49 करोड़ टन कच्चे तेल का आयात किया, जिनमें से 14.4 प्रतिशत ईरान से आयात किया गया था। सऊदी अरब और इराक़ के बाद ईरान भारत के लिए तीसरा सबसे बड़ा कच्चा तेल आपूर्तिकर्ता देश है।
ज्ञात रहे कि अमेरिका ने ईरानी तेल बिक्री शून्य तक लाने के लिए पिछले साल तेहरान के ख़िलाफ नए एकपक्षीय प्रतिबंधों को लागू किया गया था, जिसका विश्व के अधिकतर देशों ने विरोध किया था। (RZ)