उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ेगी
https://parstoday.ir/hi/news/india-i71716-उत्तर_प्रदेश_में_कांग्रेस_सभी_80_सीटों_पर_चुनाव_लड़ेगी
समाजवादी पार्टी और बहुजन समाजपार्टी के गठबंधन पर कांग्रेस की रणनीति का एलान करते हुए ग़ुलाम नबी आज़ाद ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी के नेतृत्व में अपनी विचार धारा का पालन करते हुए लोकसभा चुनाव में डटकर लड़ेगी और भाजपा को हराएगी।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan १३, २०१९ ११:२६ Asia/Kolkata
  • उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ेगी

समाजवादी पार्टी और बहुजन समाजपार्टी के गठबंधन पर कांग्रेस की रणनीति का एलान करते हुए ग़ुलाम नबी आज़ाद ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी के नेतृत्व में अपनी विचार धारा का पालन करते हुए लोकसभा चुनाव में डटकर लड़ेगी और भाजपा को हराएगी।

उत्तर प्रदेश में शनिवार को बने महागठबंधन से खुद को अलग रखे जाने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने के लिए रविवार को एक बैठक की। कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रभारी गुलाम नबी आजाद और प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने लोकसभा चुनाव की रणनीति को लेकर पार्टी राज्य मुख्यालय पर गहन विचार मंथन किया।

उन्होंने यह घोषणा की कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सभी 80 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव की लड़ाई भाजपा और कांग्रेस के बीच में है और हम उन दलों को मदद लेंगे जो इस लड़ाई में हमारा साथ देंगे।

सपा-बसपा गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस नेता ग़ुलाम नबी आज़ाद ने कहा कि कल से ज्यादा भीड़ यहां जुटी है। उन्होंने कहा कि यह कमरा ज्यादा बड़ा है। उन्होंने कहा कि सभी दल अपनी शक्ति के हिसाब से काम करने में व्यस्त हैं। ग़ुलाम नबी आज़ाद ने कहा कि कांग्रेस ने ही देश को आज़ाद कराया और कांग्रेस ने ही टुकड़ों में बंटे भारत को एक बनाया है। हमारे नेताओं ने धर्म के आधार पर देश को नहीं बांटा। ओल्ड एज पेंशन, विधवा पेंशन और विकलांगों के लिए पेंशन शुरू की। किसानों के लिए हमने काम किया और आजादी से पहले हमने किसानों को उत्थान के लिए कांग्रेस ने सोचा। नेहरू जी की सरकार ने सबसे पहला काम जमींदारी को ख़त्म किया। (AK)