कश्मीर, स्कूल में धमाका, 17 बच्चे घायल
https://parstoday.ir/hi/news/india-i72710-कश्मीर_स्कूल_में_धमाका_17_बच्चे_घायल
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में एक निजी स्कूल में भीषण धमाके के कारण 17 बच्चों के घायल होने की ख़बर है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Feb १३, २०१९ १६:४९ Asia/Kolkata
  • कश्मीर, स्कूल में धमाका, 17 बच्चे घायल

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में एक निजी स्कूल में भीषण धमाके के कारण 17 बच्चों के घायल होने की ख़बर है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़ भारत प्रशासित कश्मीर के पुलवामा ज़िले में स्थित एक प्राइवेट स्कूल में हुए धमाके में करीब 17 बच्चे घायल हो गए हैं। इस हादसे में घायल बच्चे 9वीं और 10वीं कक्षा के छात्र बताए जा रहे हैं। स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल को अपने घेरे में ले लिया है और स्कूल को पूरी तरह ख़ाली कराके जांच आरंभ कर दी है।

स्कूल के टीचर जावेद अहमद ने बताया, मैं उस समय बच्चों को पढ़ा रहा था तभी अचानक एक ज़ोरदार धमाका हुआ। उन्होंने कहा कि मैं अभी यह स्पष्ट तौर पर नहीं बता सकता कि कितने बच्चे घायल हुए हैं और उनकी क्या स्थिति है।

दूसरी ओर भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी प्रारंभिक जांच में यह दावा किया है कि बच्चे विस्फोटक सामान लेकर जा रहे थे। वास्तव में यह निजी स्कूल रतनीपोरा एनकाउंटर साइट के बग़ल में स्थित है। इसलिए आशंका व्यक्त की जा रही है कि विस्फोटक सामान एनकाउंटर स्थल से लाया गया है। इससे पहले ग्रेनेड अटैक की आशंका जताई जा रही थी।

घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी बच्चे ख़तरे से बाहर बताए जा रहे हैं। हादसे के चलते घायल बच्चे और माता-पिता काफ़ी घबराए हुए हैं। वहीं पुलिस ब्लास्ट के कारणों का पता लगा रही है। भारतीय मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक़ एक प्राइवेट स्कूल में एक्स्ट्रा क्लास चल रही थी जिसमें नौवीं और दसवीं कक्षा के छात्र शामिल थे। (RZ)