आतंकवाद के ख़िलाफ़ कार्यवाही तक पाकिस्तान से वार्ता नहींः भारत
https://parstoday.ir/hi/news/india-i73573-आतंकवाद_के_ख़िलाफ़_कार्यवाही_तक_पाकिस्तान_से_वार्ता_नहींः_भारत
भारत की विदेश मंत्री ने कहा है कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद के ख़िलाफ़ कार्यवाही नहीं करता तब तक उसके साथ कोई वार्ता नहीं हो सकती।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Mar १४, २०१९ ०८:०५ Asia/Kolkata
  • आतंकवाद के ख़िलाफ़ कार्यवाही तक पाकिस्तान से वार्ता नहींः भारत

भारत की विदेश मंत्री ने कहा है कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद के ख़िलाफ़ कार्यवाही नहीं करता तब तक उसके साथ कोई वार्ता नहीं हो सकती।

सुषमा स्वराज ने एक कार्यक्रम में कहा कि हम आतंकवाद पर बात नहीं बल्कि कार्यवाही चाहते हैं और पाकिस्तान जब तक अपनी धरती से संचालित आतंकी अड्डों के ख़िलाफ़ कार्यवाही नहीं करता तब तक उससे बातचीत नहीं होगी क्योंकि वार्ता व आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते। उन्होंने इसी के साथ कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान अगर इतने ही उदार हैं तो वे मसऊद अज़हर को भारत के हवाले कर दें। भारत की विदेश मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान को आईएसआई और अपनी सेना पर नियंत्रण की ज़रूरत है जो बार-बार द्विपक्षीय रिश्तों को बर्बाद करने पर तुले हुए हैं।

 

सुषमा स्वराज से भारत द्वारा बालाकोट में की गई हवाई कार्यवाही के बाद पाकिस्तानी हमले के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि भारत ने आतंकी संगठन जैशे मुहम्मद के ठिकानों को निशाना बनाया लेकिन जैश की तरफ़ से पाकिस्तानी सेना ने भारत पर हमला क्यों किया? इसका अर्थ है कि आप न केवल जैश को अपनी ज़मीन पर पाल रहे हैं बल्कि उसे फ़ंड भी दे रहे हैं और जब पीड़ित देश प्रतिरोध करता है तो आप आतंकी संगठन की तरफ़ से उस पर हमला कर देते हैं।

 

भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि पुलवामा हमले के बाद उन्होंने कई देशों को अवगत करा दिया है कि भारत, पाकिस्तान के साथ हालात को बिगड़ने नहीं देगा लेकिन उस देश से कोई भी हमला हुआ तो वह चुप भी नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को चिंता है कि भारत स्थिति को ख़राब करेगा और इस मुद्दे पर कई विदेश मंत्रियों के साथ उनकी बातचीत हो चुकी है। (HN)