तो क्या भारत पाकिस्तान पर फिर हमला करने वाला है?
इस्लामाबाद ने एक बार फिर भारत द्वारा पाकिस्तान पर हमला किए जाने की आशंका जताई है।
समाचार एजेंसी इर्ना की रिपोर्ट के मुताबिक़, पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने कहा है कि उनका देश इस बात को लेकर चिंतित है कि भारत एक बार फिर पाकिस्तान पर हमला कर सकता है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने रविवार को पाकिस्तानी मीडिया से बात करते हुए कहा कि, विदेश मामलों के उप मंत्री ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों के राजदूतों के साथ मुलाक़ात में भारत द्वारा पाकिस्तान पर दोबारा हमले की आशंका पर इस्लामाबाद की चिंता से उन्हें अवगत कराया है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हमारे पास विश्वसनीय जानकारी है कि भारत पाकिस्तान पर नया हमला करने की रणनीति बना रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी जानकारी के मुताबिक़ भारत में आम चुनाव बिल्कुल सिर पर हैं उसको देखते हुए 16 से 20 अप्रैल के बीच भारत पाकिस्तान पर हमला कर सकता है। क़ुरैशी ने साथ ही नई दिल्ली सरकार को चेतावनी भी दी कि अगर भारत ने पाकिस्तान पर हमला करने की ग़लती की तो उसे, उसके ख़तरनाक परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय देश और संयुक्त राष्ट्र संघ को चाहिए कि तुरंत इस तनावपूर्ण स्थिति के बारे में संज्ञान लें। पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने कहा कि अगर भारत-पाक के बीच युद्ध छिड़ता है तो फिर दक्षिण एशिया में शांति और स्थिरता पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि भारत प्रशासित कश्मीर के पुलवामा में इसी वर्ष 14 फ़रवरी को हुए आतंकी हमले में भारतीय सुरक्षा बल के 44 जवान मारे गए थे जिसके बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था, जबिक इस बीच भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक करके 300 से अधिक चरमपंथियों का मार गिराने का दावा किया था लेकिन पाकिस्तान ने भारत के इस दावे को ख़ारिज कर दिया था। (RZ)