पाकिस्तान ने जारी किया 2200 सिख तीर्थ यात्रियों का वीज़ा
पाकिस्तान ने बैसाखी त्योहार के मद्देनज़र 2200 सिख समुदाय के तीर्थ यात्रियों के लिए वीज़ा जारी किया है।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, धार्मिक यात्रा के प्रोटोकॉल के तहत हर साल बड़ी संख्या में भारतीय तीर्थ यात्री पाकिस्तान और पाकिस्तानी तीर्थ यात्री भारत आते हैं। इस वर्ष भी दोनों देशों के बीच जारी तनाव के बीच पाकिस्तान ने 2200 सिखों के लिए वीज़ा जारी किया है। बैसाखी के त्योहार में हिस्सा लेने के लिए यह वीज़ा जारी किया गया है। पाकिस्तान उच्चायोग ने मंगलवार को कहा कि उसने भारत के 2200 सिखों को 12 से 21 अप्रैल के दौरान वार्षिक बैसाखी में हिस्सा लेने के लिए वीज़ा जारी किया है। पाकिस्तान द्वारा वीज़ा जारी किए जाने को दोनों देशों के बीच तनाव में कमी आने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि धार्मिक स्थलों की यात्रा पर भारत-पाक प्रोटोकॉल के तहत हर साल भारत से बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालु पाकिस्तान जाते हैं और इसी तरह पाकिस्तानी श्रद्धालु भारत जाते हैं। पिछले हफ्ते पाकिस्तान ने घोषणा की है कि वह सद्भावना के तौर पर इस महीने 360 भारतीय क़ैदियों को रिहा करेगा जिनमें अधिकतर मछुआरे हैं। यह क़ैदी चार अलग अलग तारीख़ों पर छोड़े जायेंगे। छोड़े जाने वाले क़ैदियों में से 100 सोमवार को भारत लौटेंगे। भारतीय उच्चायोग ने एक बयान जारी करके इस बात की पुष्टि की है कि ‘पाकिस्तान उच्चायोग ने भारत के सिख श्रद्धालुओं को वार्षिक बैसाखी उत्सव में हिस्सा लेने के लिए 2200 वीज़ा जारी किया है।’ भारतीय तीर्थयात्री पाकिस्तान की अपनी यात्रा के दौरान पंजा साहिब, ननकाना साहिब और करतारपुर साहिब जाएंगे।
ज्ञात रहे कि भारत प्रशासित कश्मीर के पुलवामा में इसी वर्ष 14 फ़रवरी को हुए आतंकी हमले में भारतीय सुरक्षा बल के 44 जवान मारे गए थे जिसके बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था, जबिक इस बीच भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक करके 300 से अधिक चरमपंथियों का मार गिराने का दावा किया था लेकिन पाकिस्तान ने भारत के इस दावे को ख़ारिज कर दिया था। (RZ)