पाकिस्तान ने भारत को आपसी विवाद के हल का सुझाव दिया
पाकिस्तान ने भारत को आपसी विवाद के हल के लिए बातचीत का प्रस्ताव दिया है।
पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने कहा है कि उनका देश भारत के साथ पुराने विवादों के हल के लिए शांतिपूर्ण वार्ता को आगे बढ़ाना चाहता है।
इरना के अनुसार, पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने बुधवार को इस्लामाबाद में एक सम्मेलन में भाषण देते हुए कहाः "भारत के साथ बातचीत का शुरु होना ही दोनों देशों के बीच मौजूद विवादों के हल का एकमात्र रास्ता है।"
पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने विवादों के हल के लिए वार्ता फिर से शुरु करने में अपने देश की रूचि ऐसी स्थिति में प्रकट की है कि इससे पहले पाकिस्तानी प्रधान मंत्री इमरान ख़ान दोनों पड़ोसी देशों के बीच टकराव के ख़तरनाक अंजाम की ओर से सचेत करते हुए कह चुके हैं कि अगर भारत ने पाकिस्तान पर दोबारा हमला किया तो इस्लामाबाद के पास जवाब देने के सिवा कोई और रास्ता नहीं होगा।
ग़ौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान के बीच कश्मीर के मालेकाना हक़ को लेकर विवाद है और दोनों एक दूसरे पर आतंकवाद का समर्थन करने का इल्ज़ाम लगाते हैं।
कश्मीर का एक भाग भारत और एक भाग पाकिस्तान के नियंत्रण में है, लेकिन दोनों ही देश इस इलाक़े के पूरे मालेकाना हक़ का दावा करते हैं और यही विषय इस्लामाबाद-नई दिल्ली के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद की अस्ल जड़ है।
भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव का नया दौर, 14 फ़रवरी को भारत प्रशासित कश्मीर के पुलवामा इलाक़े में भारतीय सुरक्षा बलों पर जैशे मोहम्मद नामक आतंकवादी गुट के हमले के बाद शुरु हुआ। इस हमले में कम से कम 44 जवान हताहत हुए थे।
इस हमले के बाद भारतीय फ़ाइटर जेट ने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी गुटों के ठिकानों पर हमला किया और इस हमले में 300 आतंकियों को मारने का दावा किया जिसे इस्लामाबाद ने रद्द किया।
इस हमले के बाद दोनों देशों की थल व वायु सेना के बीच संक्षिप्त झड़प हुयी।(MAQ/N)