ईरान से तेल आयात पर प्रतिबंध से भारत में बढ़ेगी मंहगाई
https://parstoday.ir/hi/news/india-i74685-ईरान_से_तेल_आयात_पर_प्रतिबंध_से_भारत_में_बढ़ेगी_मंहगाई
ईरान से तेल आयात पर अमेरिका द्वारा प्रतिबंध में मिली छूट खत्म हो जाने के बाद भारत के लिए कच्चे तेल की लागत तीन से पांच प्रतिशत बढ़ जाने की आशंका जताई जा रही है। 
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr २४, २०१९ १४:५८ Asia/Kolkata
  • ईरान से तेल आयात पर प्रतिबंध से भारत में बढ़ेगी मंहगाई

ईरान से तेल आयात पर अमेरिका द्वारा प्रतिबंध में मिली छूट खत्म हो जाने के बाद भारत के लिए कच्चे तेल की लागत तीन से पांच प्रतिशत बढ़ जाने की आशंका जताई जा रही है। 

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से कच्चे तेल के आयात पर आगे किसी देश को कोई छूट न देने का फैसला किया है।  भारतीय संचार माध्यमों के अनुसार अमेरिका के इस फैसले का सबसे ज्यादा असर भारत और चीन पर पड़ने वाला है।  इससे भारत के लिए कच्चे तेल की लागत तीन से पांच प्रतिशत बढ़ जाने की आशंका है जिससे भारत में महंगाई बढ़ सकती है और रुपये में गिरावट आ सकती है।

भारतीय व्यापार संवर्द्धन परिषद, टीपीसीआई ने स्पष्ट किया है कि कच्चे तेल की कीमतों में तीन से पांच प्रतिशत की अनुमानित वृद्धि से भारत का निर्यात कारोबार बुरी तरह से प्रभावित होगा।  समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार परिषद के चेयरमैन मोहित सिंगला ने कहा कि निर्यात क्षेत्र पर प्रभाव पड़ना तय है क्योंकि सभी तरह के उत्पादन एवं सेवाओं में कच्चा तेल एक मध्यवर्ती सामान की तरह इस्तेमाल होता है।  सिंगला का मानना है कि प्रतिबंधों से मिली छूट को खत्म करने से कच्चे तेल की कीमत तत्काल तीन से पांच प्रतिशत बढ़ जाएगी।  सिंगला ने कहा कि एक अनुमान के अनुसार तेल के मूल्य में 10 प्रतिशत की वृद्धि से भारत का व्यापार घाटा सात अरब डॉलर बढ़ सकता है जिसके परिणामस्वरूप व्यापार घाटा 5.6 प्रतिशत बढ़ जाएगा और जीडीपी में 0.2 प्रतिशत की कमी आएगी।