भारतीय नौसेना के विमानवाहक पोत में लगी आग, एक अधिकारी की मौत
भारतीय नौसेना के विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य में आग लगने की सूचना है। यह घटना उस समय हुई जब पोत कर्नाटक के कारवार में हार्बर में प्रवेश कर रहा था।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, भारतीय नौसेना के विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य में आग लगने के कारण एक नौसेना के अधिकारी की मौत हो गई है। भारतयी नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर डीएस चौहान आग बुझाने के काम का नेतृत्व कर रहे थे। नौसेना ने कहा कि आग पर तुरंत काबू पा लिया गया लेकिन इस दौरान अधिकारी धुएं और आग की लपटों की वजह से होश खो बैठे, उन्हें तुरंत कारवार के नेवी अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
भारतीय नौसेना ने एक बयान जारी करके बताया है कि जहाज़ कर्मियों ने आग पर तुरंत काबू पा लिया और साथ ही जहाज़ की लड़ाकू क्षमता को किसी भी तरह का नुक़सान नहीं पहुंचा है। आग लगने की घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। याद रहे कि आईएनएस विक्रमादित्य पर इससे पहले 2016 में भी हादसा हो चुका है, तब ज़हरीली गैस लीक होने से नौसेना के दो कर्मियों की मौत हो गई थी।
उल्लेखनीय है कि 2.3 अरब डॉलर की लागत का यह विमानवाहक पोत जनवरी 2014 में रूस से भारत पहुंचा था। इसे नवंबर 2013 में रूस के सेवमैश शिपयार्ड में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था। इसका बेस कर्नाटक का कारवार बंदरगाह है। आईएनएस विक्रामित्य 284 मीटर लंबा और 60 मीटर ऊंचा है जो कि क़रीब 20 माले की इमारत जितना ऊंचा है। इस जहाज़ का वजन 40 हज़ार टन है और यह भारतीय नौसेना का सबसे बड़ा और भारी जहाज़ है। (RZ)