नेतनयाहू ने मोदी का किया धन्यवाद
इस्राईली प्रधानमंत्री बिनयामिन नेतनयाहू ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फ़िलिस्तीन के एक ग़ैर सरकारी संगठन “शहीद” को सलाहकार का दर्जा दिए जाने के विरोध में मतदान करने के लिए धन्यवाद किया है।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, भारत द्वारा अपने सिद्धांतों को दरकिनार करके संयुक्त राष्ट्र संघ में ज़ायोनी शासन के पक्ष में दिए गए वोट के बाद इस्राईली प्रधानमंत्री नेतनयाहू ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया है। याद रहे कि भारत ने फ़िलिस्तीन के एक ग़ैर सरकारी संगठन 'शहीद' को पर्यवेक्षक का दर्जा देने से इनकार करने के लिए संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद (ECOSOC) में इस्राईल के पक्ष में मतदान किया था। नेतनयाहू ने 6 जून को हुई वोटिंग के लगभग एक सप्ताह बाद बुधवार को एक ट्वीट में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत को समर्थन के लिए धन्यवाद, यूएन में इस्राईल के साथ खड़े रहने के लिए धन्यवाद।”
उल्लेखनीय है कि भारत ने अपने मूल्य सिद्धांतों को दरकिनार करते हुए संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक और सामाजिक परिषद में 6 जून 2019 को इस्राईल के एक प्रस्ताव के समर्थन में मतदान किया था। जानकारी के लिए बता दें कि इस प्रस्ताव के समर्थन में 28 देशों ने वोटिंग की थी जिनमें अमेरिका, जर्मनी, फ्रांस, ब्रिटेन और जापान भी शामिल हैं। वहीं, विरोध में इस्लामी गणतंत्री ईरान, चीन, पाकिस्तान और सऊदी सहित 14 देशों ने वोट डाला था। भारत सरकार के इस फ़ैसले से जहां इस्राईल ने ख़ुशी व्यक्त की थी वहीं स्वयं भारतीय मुसलमानों ने मोदी सरकार के इस निर्णय का कड़े शब्दों में विरोध किया है। (RZ)