भारत समुंद्र में किस कारण बढ़ा रहा है सतर्कता?
भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीन का उल्लेख करके भारतीय नौसेना को समुंद्र में और चौकन्ना रहने को कहा है।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, भारत के विशाखापट्नम के ईस्टर्न नेवल कमांड मुख्यालय में इस देश के रक्षा मंत्री ने भारतीय नौसेना की तारीफ़ करते हुए कहा कि वह हमारी 'ऐक्ट ईस्ट पॉलिसी' का बेहद अहम हिस्सा है। इस दौरान राजनाथ सिंह ने विशाखापट्नम में भारतीय नौसेना के आईएनएस शिवालिक और सबमरीन सिंधुकीर्ति का भी दौरा किया। भारत के रक्षा मंत्री ने कहा, 'मुझे लगता है कि भारतीय नौसेना हमारी ऐक्ट ईस्ट पॉलिसी का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है। हमारा पड़ोसी चीन अधिकतर समुंद्र में कोई न कोई गतिविधि करता रहता है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि समुंद्री इलाक़े में हमें अपनी सतर्कता को और बढ़ाने की ज़रूरत है। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय नौसेना समय के साथ इसी तरह और मज़बूत होती रहेगी।' उन्होंने कहा कि चीन हिंद महासागर में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रहा है, कई बार चीन की पनडुब्बी के हिंद महासागर क्षेत्र में होने की ख़बरें भी आई हैं।
भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा, 'अपने ही देश में डिज़ाइन हुए और बने प्रथम दर्जे के आईएनएस शिवालिक का दौरा किया। इसके बाद नेवी की सबमरीन सिंधुकीर्ति का भी दौरा किया। समुंद्री चुनौतियों पर भारतीय नौसेना लगातार नज़र बनाए हुए है और देश के समुंद्री हितों की मज़बूती से रक्षा कर रही है।' राजनाथ सिंह को भारतीय नौसेना के सीनियर अधिकारियों ने अपने कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ईस्टर्न नेवल कमांड की दो दिवसीय यात्रा पर शनिवार को विशाखापट्नम पहुंचे हैं। (RZ)