कश्मीर, बस स्टैंड पर ग्रेनेड से हमला, 9 घायल
भारत नियंत्रित जम्मू कश्मीर के बारामुला के सोपोर इलाके में बस स्टैंड पर ग्रेनेड से हमला किया गया है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को हुए इस ग्रेनेड हमले में महिला समेत 9 लोगों के घायल होने की सूचना है जिनमें से दो घायलों को इलाज के लिए श्रीनगर भेजा गया। यह घटना स्थानीय समयानुसार शाम करीब सवा चार बजे घटी।
घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी करके हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है। इस घटना पर कश्मीर पुलिस ज़ोन के ऑफ़िसर ने कहा कि सोपोर में छापामारों ने आम लोगों पर ग्रेनेड से हमला किया। छह लोग इस हमले में घायल हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों में 2 की हालत गंभीर है और उन्हें श्रीनगर के एक अस्पताल में रेफ़र कर दिया गया। बाक़ी घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले, श्रीनगर के करन नगर इलाक़े में छापामारों ने सीआरपीएफ़ की एक टीम पर एक ग्रेनेड से हमला किया था। इस हमले में छह जवान घायल हुए थे। (AK)