नरेन्द्र मोदी ने किया सार्क से आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष का आह्वान
https://parstoday.ir/hi/news/india-i82052-नरेन्द्र_मोदी_ने_किया_सार्क_से_आतंकवाद_के_विरुद्ध_संघर्ष_का_आह्वान
भारतीय प्रधानमंत्री ने सार्क के देशों से आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष का आह्वान करते हुए कहा है कि ऐसी कोशिशों से एक मज़बूत सार्क बनाने के लिए अधिक भरोसा मिलेगा।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec ०९, २०१९ १६:५१ Asia/Kolkata
  • नरेन्द्र मोदी ने किया सार्क से आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष का आह्वान

भारतीय प्रधानमंत्री ने सार्क के देशों से आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष का आह्वान करते हुए कहा है कि ऐसी कोशिशों से एक मज़बूत सार्क बनाने के लिए अधिक भरोसा मिलेगा।

भारत के प्रधानमंत्री मोदी ने सार्क के स्थापना दिवस पर सार्क सचिवालय को लिखे पत्र में कहा है कि क्षेत्र के सभी देशों को आतंकवाद की बुराई और उसका समर्थन करने वाली ताकतों को हराने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।  भारतीय प्रधानमंत्री का कहना है कि ऐसी कोशिशों से एक मज़बूत सार्क बनाने के लिए अधिक भरोसा मिलेगा।

नरेन्द्र मोदी ने कहा कि सार्क ने प्रगति की है, लेकिन इसे और अधिक प्रगति करने की ज़रूरत है।  उन्होंने कहा कि ज्यादा सहयोग के लिए हमारी कोशिशों को बार-बार आतंकवाद के ख़तरों से चुनौती मिली है।  भारत के प्रधानमंत्री का कहना था कि ऐसा माहौल सार्क की पूरी क्षमता साकार करने के हमारे साझा उद्देश्य को बाधित करता है।  यह ज़रूरी है कि क्षेत्र में सभी देश आतंकवाद की बुराई और उसका समर्थन करने वाली ताकतों को हराने के लिए प्रभावी कदम उठाएं।

ज्ञात रहे कि  8 दिसंबर 1985 को ढाका में सार्क के पहले शिखर सम्मेलन के दौरान दक्षिण एशिया के सात देशों मालदीव, भारत, भूटान, पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका ने सार्क की स्थापना को लेकर एक घोषणापत्र पर दस्तखत किए थे।  अफगानिस्तान 2007 में सार्क का 8वां सदस्य राष्ट्र बना था।  इसी के उपलक्ष्य में हर साल सार्क चार्टर दिवस मनाया जाता है।  ईरान और चीन सार्क के निरीक्षक सदस्य हैं।