दिल्ली विधानसभा चुनाव, वोटिंग समाप्त, आप की हो सकती है वापसी
https://parstoday.ir/hi/news/india-i83920-दिल्ली_विधानसभा_चुनाव_वोटिंग_समाप्त_आप_की_हो_सकती_है_वापसी
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग समाप्त हो चुकी है। सभी 70 सीटों पर मतदान के बाद एग्ज़िट पोल के नतीजे भी आने लगे हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Feb ०८, २०२० १७:२४ Asia/Kolkata
  • दिल्ली विधानसभा चुनाव, वोटिंग समाप्त, आप की हो सकती है वापसी

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग समाप्त हो चुकी है। सभी 70 सीटों पर मतदान के बाद एग्ज़िट पोल के नतीजे भी आने लगे हैं।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, भारत की राजधानी दिल्ली के विधानसभा चुनावों के लिए मतदान समाप्त होने के साथ ही एग्ज़िट पोल के आंकड़े भी आने शुरू हो गए हैं। एग्ज़िट पोल के अनुसार आम आदमी पार्टी को 56 सीटों पर जीत मिल सकती है, तो वहीं बीजेपी के खाते में 14 सीटें आने की संभावना है। इसके अलावा कांग्रेस की झोली में एक भी सीट आना मुश्किल नज़र आ रहा है। बता दें कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी की सरकार है। इस त्रिकोणीय मुक़ाबले में आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस के 672 उम्मीदवारों का भविष्य ईवीएम में बंद हो चुका है। दिल्ली में लगभग 1 करोड़ 47 लाख मतदाता हैं, जिनमें 2 लाख 80 हज़ार मतदाताओं ने पहली बार मतदान किया है। चुनाव के नतीजे 11 फ़रवरी को आएंगे।

आम आदमी पार्टी को पिछले विधानसभा चुनाव में हासिल की गई अद्भुत जीत को दोहराने का विश्वास है जहां उसने 70 में से 67 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। 2019 के संसदीय चुनाव में दिल्ली में सभी सातों सीटों पर जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी को आप को हराने की उम्मीद है जबकि कांग्रेस पिछली बार के मुक़ाबले अपने प्रदर्शन में सुधार लाकर जीत दर्ज करने की क़वायद में है। गत विधानसभा चुनाव में उसे एक भी सीट नहीं मिली थी। आप को 2015 के चुनावों में 54.3 प्रतिशत वोट मिले थे जबकि भाजपा को 32 प्रतिशत और कांग्रेस को केवल 9.6 प्रतिशत वोट मिले थे। (RZ)