ट्रम्प पहुंचे अहमदाबाद
https://parstoday.ir/hi/news/india-i84429-ट्रम्प_पहुंचे_अहमदाबाद
हज़ारों लोगों के कड़े विरोध के बीच अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प दो दिवसीय भारत दौरे पर अहमदाबाद पहुंचे।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Feb २४, २०२० १०:०० Asia/Kolkata
  • ट्रम्प पहुंचे अहमदाबाद

हज़ारों लोगों के कड़े विरोध के बीच अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प दो दिवसीय भारत दौरे पर अहमदाबाद पहुंचे।

सोमवार को वह अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचे जहां प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया। अमरीकी राष्ट्रपति बनने के बाद डोनल्ड ट्रम्प का पहला भारत दौरा है। अहमदाबाद एयरपोर्ट से निकलने के बाद ट्रम्प, नरेंद्र मोदी के साथ सीधे साबरमती आश्रम पहुंचे।

अहमदाबाद से अमरीकी राष्ट्रपति परिवार के साथ ताजमहल का दीदार करने के लिए आगरा जाएंगे। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

अमरीकी राष्ट्रपति का 25 फ़रवरी को राष्ट्रपति भवन में परंपरागत स्वगात किया जाएगा। वहां से वह अपनी बीवी के साथ महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट जाएंगे। इसके बाद हैदराबाद हाउस में ट्रम्प और मोदी के बीच प्रतिनिधि स्तर की बातचीत होगी। दोपहर में ट्रम्प के अमरीकी दूतावास में कई निजी कार्यक्रमों में भाग लेने की उम्मीद है।

ट्रम्प 25 फ़रवरी को ही शाम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलेंगे। राष्ट्रपति द्वारा उन्हें भोज दिया जाएगा और उसी शाम ट्रम्प भारत से रवाना हो जाएंगे।

ग़ौरतलब है कि भारतीय प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले साल सितंबर में वाशिंग्टन में ट्रम्प से भेंटवार्ता की थी।

अमरीकी राष्ट्रपति के दो दिवसीय भारत दौरे पर भारत, अमरीका की सैन्य उपकरण बनाने वाली कंपनी लाकहीड मार्टिन से 2 अरब 60 करोड़ डालर के आधुनिक हेलीकाप्टर सहित नए सैन्य उपकरण की ख़रीदारी का समझौता करेगी।

दूसरी ओर डोनल्ड ट्रम्प की भारत यात्रा पर शिवसेना ने सोमवार को कहा कि अमरीकी राष्ट्रपति की क़रीब 36 घंटे की भारत यात्रा से ग़रीब और मिडिल क्लास भारतीय नागरिकों के जीवन पर रत्ती भर असर नहीं पड़ेगा।

उधर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि ट्रम्प के भारत आगमन पर केन्द्र सरकार जनता की गाढ़ी कमाई के सैकड़ों करोड़ रूपयों की फ़िज़ूल ख़र्ची करने जा रही है। (MAQ/N)